CG NEWSदुर्ग में इबोला अलर्ट: अफ्रीकी देशों से लौटे 3 लोगों पर स्वास्थ्य विभाग की नजर, सैंपल जांच के लिए पुणे भेजे

रायपुर/दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में इबोला वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। इबोला प्रभावित अफ्रीकी देशों से लौटे तीन व्यक्तियों के जिले में पहुंचने के बाद प्रशासन ने विशेष निगरानी शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक तीनों में इबोला संक्रमण के कोई लक्षण नहीं मिले हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर उनके सैंपल जांच के लिए पुणे भेजे गए हैं।
अफ्रीकी देशों से लौटे तीन यात्रियों पर निगरानी
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एक व्यक्ति कांगो से मुंबई होते हुए दुर्ग पहुंचा है और वर्तमान में गया नगर क्षेत्र में रह रहा है। वहीं दो अन्य व्यक्ति इथियोपिया और युगांडा से यात्रा कर भिलाई के जुनवानी स्थित अविनाश मेट्रोपोलिटन में ठहरे हुए हैं।प्रशासन ने तीनों को निगरानी में रखते हुए उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी है।
ये भी पढ़ें: अंधविश्वास का खौफनाक अंत : 7 दिन चली तंत्र साधना के बाद दोहरे हत्याकांड का खुलासा, चार दोषियों को उम्रकैद
कलेक्टर ने बनाई चार सदस्यीय निगरानी टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग कलेक्टर ने चार सदस्यीय विशेष टीम गठित की है। टीम का काम तीनों यात्रियों के स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग करना है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी के ब्लड सैंपल एकत्र कर जांच के लिए पुणे स्थित राष्ट्रीय प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने तक उन्हें निगरानी और निर्धारित आइसोलेशन प्रोटोकॉल के तहत रखा गया है।
जिला अस्पताल में तैयार किया जा रहा आइसोलेशन वार्ड
संभावित स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने के लिए दुर्ग जिला अस्पताल में विशेष आइसोलेशन वार्ड तैयार किया जा रहा है। वहीं राज्य महामारी नियंत्रण दल के अधिकारी भी दुर्ग पहुंच चुके हैं और स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
ये भी पढ़ें: CG News महादेव ऐप केस में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, 423 करोड़ के फ्रीज शेयर बेच सकेंगी कंपनियां
क्या बोले जिला नोडल अधिकारी?
जिला नोडल अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे ने बताया कि इबोला प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की एयरपोर्ट पर कई स्तरों पर स्क्रीनिंग की जाती है। इसके बाद उनकी यात्रा संबंधी जानकारी और स्वास्थ्य स्थिति का मूल्यांकन किया जाता है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल दुर्ग पहुंचे तीनों यात्रियों में इबोला संक्रमण से जुड़े कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं, इसलिए उन्हें कम जोखिम वाली श्रेणी में रखा गया है।
कैसे फैलता है इबोला वायरस?
विशेषज्ञों के अनुसार इबोला वायरस संक्रमित व्यक्ति के सीधे संपर्क या उसके शरीर से निकलने वाले द्रवों के संपर्क में आने से फैलता है।
इबोला के प्रमुख लक्षण
तेज बुखार, उल्टी, दस्त, पेट दर्द, सिरदर्द, जोड़ों में दर्द, अत्यधिक कमजोरी
ये भी पढ़ें: CG news मुख्यमंत्री सचिवालय में बड़ा फेरबदल: अधिकारियों के बीच नए सिरे से बंटीं जिम्मेदारियां
अफवाहों से बचने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में जिले में इबोला संक्रमण का कोई पुष्ट मामला सामने नहीं आया है, लेकिन सावधानी के तौर पर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।












