दलीप ट्रॉफी: फाइनल में में धमाल मचाएंगे वैभव सूर्यवंशी, खेलेंगे सिराज और पडिक्कल

चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होने वाले फाइनल में ईशान किशन ईस्ट जोन की कप्तानी करेंगे, जबकि तिलक वर्मा साउथ जोन की कमान संभालेंगे। साउथ जोन में मोहम्मद सिराज और देवदत्त पडिक्कल को भी शामिल किया गया है, लेकिन केएल राहुल फाइनल का हिस्सा नहीं होंगे। वैभव सूर्यवंशी के खेलने को लेकर भी पहले असमंजस था, लेकिन अब वह ईस्ट जोन की टीम के साथ खिताबी मुकाबले में उतरेंगे। फाइनल देखने भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर चेन्नई पहुंचेंगे, जिससे चयन और बीसीसीआई से जुड़े मुद्दों पर भी नजर रहेगी। वहीं, एशियन गेम्स की तैयारी के लिए मयंक यादव, कार्तिक त्यागी और मोहसिन खान को नेट गेंदबाज के तौर पर जापान भेजने की तैयारी की जा रही है।
ईस्ट और साउथ जोन के बीच होगा खिताबी मुकाबला
दलीप ट्रॉफी 2026-27 का फाइनल मुकाबला रविवार, 6 सितंबर से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में शुरू होगा। ईस्ट जोन और साउथ जोन की टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी और दोनों ने सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई है। मुकाबले में युवा खिलाड़ियों के साथ अनुभवी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी खास नजर रहेगी।
ये भी पढ़ें: Jio के 10 साल पूरे: मिस्ड कॉल से 26.7GB डेटा तक, ऐसे बदली भारतीयों की मोबाइल जिंदगी
वैभव, ईशान और तिलक पर रहेंगी निगाहें
ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने फाइनल से पहले टीम के प्रमुख खिलाड़ियों की उपलब्धता की पुष्टि की है। 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी भी इस मुकाबले में मैदान पर उतरेंगे और उनकी बल्लेबाजी आकर्षण का केंद्र रहेगी। आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी पहचान बना चुके वैभव ने दलीप ट्रॉफी में भी बल्ले से प्रभाव छोड़ा है, जबकि ईशान की मौजूदगी ईस्ट जोन की बल्लेबाजी को और मजबूत करेगी।
केएल राहुल फाइनल से बाहर,सिराज-पडिक्कल टीम में
साउथ जोन की कप्तानी तिलक वर्मा के हाथों में है और उनके नेतृत्व में टीम के पास मजबूत बल्लेबाजी क्रम मौजूद है। तिलक ने साफ कर दिया है कि अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल फाइनल मुकाबले में नहीं खेलेंगे। हालांकि, तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल साउथ जोन की टीम का हिस्सा हैं और खिताबी मुकाबले में खेलते दिखाई देंगे।
चयनकर्ताओं की भी फाइनल पर नजर
दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले को भारतीय टीम के चयनकर्ताओं के लिए भी अहम माना जा रहा है। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर फाइनल देखने चेन्नई पहुंचेंगे, जबकि बीसीसीआई में उनके भविष्य को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। हालिया बीसीसीआई समीक्षा बैठक में अगरकर पारिवारिक कारणों से शामिल नहीं हो सके थे और उनका मौजूदा अनुबंध 4 अक्टूबर तक है, ऐसे में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया के साथ उनकी संभावित बातचीत भी अहम मानी जा रही है।
एशियन गेम्स के लिए जापान जाएंगे तीन तेज गेंदबाज
दलीप ट्रॉफी के बीच बीसीसीआई एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम की तैयारियों को भी अंतिम रूप देने में जुटा है। मयंक यादव, कार्तिक त्यागी और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान को भारतीय पुरुष टीम के अभ्यास के लिए नेट गेंदबाज के तौर पर जापान भेजने की तैयारी है। यह योजना मुख्य कोच वीवीएस लक्ष्मण के सुझाव के बाद बनाई गई है, ताकि भारतीय बल्लेबाजों को जापान में अलग-अलग तरह के तेज गेंदबाजों के खिलाफ अभ्यास का बेहतर मौका मिल सके।
ये भी पढ़ें: भोपाल के बड़े तालाब की कितनी है सीमा? आज हुआ ड्रोन सर्वे, अब रिपोर्ट में होगा खुलासा
20 सितंबर को जापान रवाना हो सकती है टीम
मयंक यादव, कार्तिक त्यागी और मोहसिन खान एशियन गेम्स के भारतीय दल में शामिल नहीं होंगे, बल्कि उनकी भूमिका सिर्फ नेट गेंदबाज की होगी। भारतीय पुरुष टीम के 20 सितंबर को दिल्ली से जापान रवाना होने की उम्मीद है और टीम का पहला मुकाबला 28 सितंबर को निर्धारित है। बीसीसीआई ने तीनों तेज गेंदबाजों के जापानी वीजा के लिए आवेदन भी कर दिया है, जिससे साफ है कि बोर्ड एशियन गेम्स से पहले टीम की तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता।




















