भोपाल के बड़े तालाब की कितनी है सीमा? आज हुआ ड्रोन सर्वे, अब रिपोर्ट में होगा खुलासा

भोपाल के बड़े तालाब का जलस्तर शुक्रवार को 1666.80 फीट तक पहुंच गया था। इसके साथ ही तालाब से पानी निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। लेकिन इसी बीच NGT के उस निर्देश को लेकर सवाल खड़े हो गए, जिसमें जलस्तर 1666.80 फीट पहुंचने पर तालाब का सर्वे कराने की बात कही गई थी। आरोप है कि सर्वे पूरा होने से पहले ही भदभदा के गेट से पानी छोड़ दिया गया। इसी बीच शनिवार को भोपाल के बड़े तालाब का आकलन करने के लिए ड्रोन सर्वे किया गया।
1666.80 फीट पर पहुंचते ही खोला गया गेट
शुक्रवार को बड़े तालाब का वाटर लेवल 1666.80 फीट पर पहुंचा गया था, जिसके बाद सर्वे शनिवार सुबह से शुरू किया गया। नगर निगम की ओर से तर्क दिया गया कि रात के समय अंधेरे में टीम के लिए सर्वे करना संभव नहीं था। इस बीच सुरक्षा को देखते हुए पानी छोड़ना जरूरी था, इसलिए एक गेट खोला गया।
ये भी पढ़ें: मुरैना में दर्दनाक हादसा, जन्माष्टमी मनाकर पैदल लौट रहीं 3 महिलाओं की मौत
शनिवार को तय जलस्तर पर हुआ सर्वे
नगर निगम के अनुसार, शनिवार को बड़े तालाब का जलस्तर 1666.80 फीट पर बनाए रखने की कोशिश की गई, ताकि जरूरी सर्वे किया जा सके। इसका मकसद यह पता लगाना था कि तालाब का वास्तविक फुल टैंक लेवल यानी FTL कितना है और पानी वास्तव में किस सीमा तक पहुंचता है। मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के स्थानीय अधिकारी नीतेश चौरसिया के मुताबिक, NGT के निर्देश के अनुसार केरवा, कलियासोत और भोज वेटलैंड समेत तीन प्रमुख जलाशयों का विस्तृत सर्वे कराया जाना है।




















