
दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव में आम आदमी पार्टी ने भारी बहुमत से जीत हासिल की है। AAP ने 15 साल से काबिज भाजपा का पत्ता साफ कर दिया है। स्टेट इलेक्शन कमिशन के आंकड़ों के मुताबिक, AAP ने 134 सीटें जीत ली हैं। वहीं भाजपा को 104, कांग्रेस को 9 और 3 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत हुई है।
ये हमारे लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है: सिसोदिया
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि, दिल्ली की जनता ने 15 साल की भ्रष्ट भाजपा सरकार को हटा कर केजरीवाल के नेतृत्व में AAP की सराकार बनाने के लिए बहुमत दिया है। इसके लिए जनता का धन्यवाद, ये हमारे लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।
जनता जीत गई- भगवंत मान
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि, चुनाव लड़ते तो नेता हैं, लेकिन जीतती जनता है। इस बार एमसीडी चुनाव में 15 साल बाद जनता जीत गई। आम आदमी पार्टी को बने हुए अभी 10 साल हुए हैं, हमने दिल्ली भी जीती और दिल्ली का दिल भी जीता। कल शाम तक आम आदमी पार्टी गुजरात में भी जीत जाएगी।
आप ने दिया नया नारा
दिल्ली नगर निगम चुनाव के नतीजों से पहले आम आदमी पार्टी ने नया नारा जारी किया था। AAP ने नारा दिया ‘अच्छे होंगे 5 साल, MCD में भी केजरीवाल’। आप के दफ्तर में ये नारे लिखे बैनर लगाए गए हैं। पार्टी ने ऑफिस को पीले और नीले कलर के गुब्बारों से सजाया गया है। पिछली बार इन्हें सफेद और नीले कलर के गुब्बारों से सजाया गया था।
4 दिसंबर को हुआ था मतदान
दिल्ली नगर निगम के 250 वार्डों के लिए 4 दिसंबर को मतदान हुआ था। कुल 1349 उम्मीदवार मैदान में हैं। आम आदमी पार्टी और भाजपा दोनों ने एमसीडी चुनाव में 250-250 उम्मीदवार खड़े किए हैं, जबकि कांग्रेस के 247 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके अलावा अन्य पार्टियों ने भी अपने उम्मीदवार मैदान में उतार रखे हैं।
चुनाव आयोग के मुताबिक, इस बार 2017 की तुलना में 3% कम वोटिंग हुई है। इस बार करीब 50% मतदान हुआ है, जबकि 2017 में 53.55% मतदान हुआ था।