
भोपाल। राजाभोज एयरपोर्ट पर दिल्ली से भोपाल आकर पुणे जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में आज अचानक तकनीकी खराबी आ गई। वहीं एयरपोर्ट से टेक ऑफ होते समय उड़ान के इंजन से आवाज आने लगी। इसके बाद यात्रियों को फ्लाइट से उतार दिया गया। तकनीकी खराबी ठीक होने में करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया।
राजा भोज एयरपोर्ट पर रोकी फ्लाइट
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 10:00 बजे राजा भोज एयरपोर्ट पर दिल्ली से आई एयर इंडिया की फ्लाइट AI-481 लैंड हुई। इस उड़ान से दिल्ली से भोपाल आने वाले यात्री विमान से उतर गए। भोपाल से पुणे जाने वाले यात्रियों को बोर्डिंग पास दे दिया गया था। कुछ यात्री विमान में सवार भी हो गए थे। उसी दौरान चालक दल को विमान में तकनीकी खराबी महसूस हुई। फ्लाइट को होल्ड कर यात्रियों को वापस उतार दिया गया।
डेढ़ घंटे देरी से रवाना हुई फ्लाइट
एयर इंडिया की ये फ्लाइट आम तौर पर सुबह 10:45 बजे पुणे रवाना होती है। तकनीकी खराबी ठीक करने में एयर इंडिया के इंजीनियरों को डेढ़ घंटे का समय लग गया। दोपहर करीब 12:15 बजे उड़ान ठीक हो सकी। उसके बाद यात्रियों को पुनः विमान में बिठाया गया। इसके बाद उड़ान रवाना हो सकी। एयर इंडिया के स्थानीय कार्यालय के अनुसार विमान में मामूली तकनीकी खराबी आई थी, जिसे जल्द ही ठीक कर दिया गया। फिटनेस मिलने के बाद विमान को पुणे के लिए रवाना कर दिया गया।