Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

CJP Parliament March :दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हिंसा, पुलिस का बड़ा दावा- 50 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'चलो संसद' मार्च के दौरान बड़ा हंगामा देखने को मिला। जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने लाठीचार्ज किया और पूरे इलाके में भारी पुलिस बल व RAF की तैनाती की गई।
दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हिंसा, पुलिस का बड़ा दावा- 50 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'चलो संसद' मार्च में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।

Live Updates

06:30 PM 20/07/26

50 से ज्यादा पुलिस और फोर्स के जवान घायल

दिल्ली में CJP के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 50 से ज्यादा जवान घायल हुए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ जगहों पर पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। पार्लियामेंट पुलिस स्टेशन के आसपास कई गाड़ियों में नुकसान पहुंचाया गया, जबकि कनॉट प्लेस के पास भी पत्थरबाजी की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं की जांच के लिए वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

05:55 PM 20/07/26

पुलिसकर्मियों पर हमले के मामले में BNS के तहत कार्रवाई

दिल्ली में CJP के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। दिल्ली पुलिस एक ओर प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था का पालन करने की अपील कर रही है, वहीं दूसरी ओर कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान पथराव और पुलिसकर्मियों पर हमले के मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

05:40 PM 20/07/26

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर किया पथराव

दिल्ली के फिरोज शाह रोड पर प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस के जवानों पर पथराव किया। पत्थरबाजी के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Twitter Post

05:15 PM 20/07/26

प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी जारी

दिल्ली में जारी प्रदर्शनों के बीच दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों और आम लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों से संयम बरतने और शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से किया जाए और किसी भी गैर-कानूनी या हिंसक गतिविधि में शामिल न हों। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के कानूनी निर्देशों का पालन करें। दिल्ली पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों, गलत या अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें और न ही उसे साझा करें। पुलिस ने लोगों से केवल विश्वसनीय स्रोतों से मिली जानकारी पर भरोसा करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Twitter Post

05:10 PM 20/07/26

जंतर-मंतर पर फिर दिखे CJP प्रमुख अभिजीत दिपके

जंतर-मंतर से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दिपके की ताजा तस्वीरें सामने आई हैं। अभिजीत दिपके अपने समर्थकों के साथ प्रदर्शन स्थल पर मौजूद हैं। जंतर-मंतर पर छात्रों और CJP कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी है, जहां शिक्षा नीति समेत कई मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया जा रहा है। मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Twitter Post

04:55 PM 20/07/26

प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने किया लाठीचार्ज

CJP ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी का दावा है कि प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर से हटाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। CJP का आरोप है कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों और समर्थकों के साथ बल प्रयोग किया गया और उन्हें मौके से हटाने की कोशिश की गई। हालांकि, इस मामले में दिल्ली पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या पुष्टि सामने नहीं आई है।

Twitter Post

04:20 PM 20/07/26

जेपी नड्डा से मिले CJP नेता सौरव दास

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर आंदोलन से जुड़ी अपनी मांगें उनके सामने रखीं। मुलाकात के बाद सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे या उन्हें पद से हटाने की मांग भी उठाई गई। सौरव दास के अनुसार, जेपी नड्डा ने भरोसा दिलाया कि वह इस मुद्दे पर उचित स्तर पर चर्चा करेंगे। हालांकि, अभी तक उनकी ओर से कोई ठोस आश्वासन या स्पष्ट प्रतिबद्धता नहीं मिली है। सौरव दास ने मुलाकात की एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर साझा की है।

/img/99/1784545102501

 

04:05 PM 20/07/26

सरकार से बोले अरविंद केजरीवाल

दिल्ली में छात्रों और प्रदर्शनकारियों के आंदोलन के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से युवाओं की बात सुनने की अपील की है। सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि सरकार को प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कराने के बजाय उनकी मांगों को गंभीरता से सुनना चाहिए। केजरीवाल ने सरकार से अहंकार छोड़कर संवाद का रास्ता अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान निकालना देश के हित में होगा।

Twitter Post

04:00 PM 20/07/26

'12 साल की बच्ची पर हमला'?

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास द्वारा 12 साल की बच्ची पर पुलिस के हमले का लगाया गया आरोप अब विवाद का विषय बन गया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने आधिकारिक सफाई जारी करते हुए कहा है कि सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे दावे पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं।

Twitter Post

पुलिस के अनुसार, 12 वर्षीय गीतांजलि नाम की बच्ची के बाल खींचने, उसके सिर में चोट लगने और 40 से 50 अन्य लोगों के घायल होने जैसी बातें सच नहीं हैं। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि के ऐसी झूठी या भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

03:45 PM 20/07/26

अमित शाह-धर्मेंद्र प्रधान की बैठक खत्म

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के बीच सोमवार को हुई अहम बैठक खत्म हो गई। यह बैठक एक घंटे से अधिक समय तक चली। सूत्रों के अनुसार, बैठक में मौजूदा हालात पर विस्तार से चर्चा की गई और गृह मंत्री अमित शाह ने स्थिति का जायजा लिया। दोनों नेताओं के बीच हालात से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर मंथन हुआ। हालांकि, बैठक में क्या फैसले लिए गए, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

03:35 PM 20/07/26

हिरासत की खबरों के बीच अभिजीत दीपके पर आया नया अपडेट

दिल्ली में CJP के प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। CJP प्रवक्ता सौरव दास ने दोपहर 2:33 बजे एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि अभिजीत दीपके को पुलिस उठा ले गई है। हालांकि, बाद में 3:18 बजे उन्होंने अपने पोस्ट को अपडेट करते हुए जानकारी दी कि अभिजीत दीपके को न तो गिरफ्तार किया गया है और न ही हिरासत में लिया गया है।

Twitter Post

03:10 PM 20/07/26

अभिजीत दिपके को पुलिस ने किया डिटेन

शिक्षा नीति के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के बीच CJ प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया पर दावा किया है कि अभिजीत दिपके को पुलिस ने डिटेन कर लिया है। सौरव दास ने पोस्ट कर लिखा, "दिपके को पुलिस ने पकड़ लिया है! हम सभी सांसदों से अपील करते हैं कि वे तुरंत सड़कों पर मौजूद छात्रों के समर्थन में खड़े हों। पुलिस शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर बेरहमी से कार्रवाई कर रही है और उन्हें पीट रही है। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ सख्ती बरती जा रही है।

Twitter Post

02:58 PM 20/07/26

प्रियंका गांधी का सरकार पर हमला

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार शिक्षा नीति और उससे जुड़े बड़े मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार इस पर बातचीत करने के लिए तैयार नहीं है।

प्रियंका गांधी ने कहा, हम सभी चर्चा की मांग कर रहे हैं। शिक्षा नीति को लेकर कई समस्याएं और बड़े मुद्दे हैं, लेकिन आप चर्चा करने के लिए तैयार नहीं हैं। इसके बजाय छात्रों पर आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं और उन्हें पीटा जा रहा है। आखिर क्यों? ये हमारे बच्चे हैं।

Twitter Post

01:50 PM 20/07/26

संसद की ओर बढ़े AAP के बड़े नेता

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'चलो संसद' मार्च के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के कई वरिष्ठ नेता भी प्रदर्शन के समर्थन में सड़क पर उतर आए। मनीष सिसोदिया, आतिशी, संजय सिंह समेत पार्टी के कई बड़े नेता रायसीना रोड पर पहुंचे और वहां से संसद की ओर बढ़ने लगे। नेताओं की मौजूदगी से इलाके में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। वहीं, सुरक्षा के मद्देनज़र रायसीना रोड और संसद मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

01:45 PM 20/07/26

आंसू गैस के गोले छोड़े जाने पर भड़की CJP

संसद भवन के सामने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले छोड़े जाने के बाद CJP ने सरकार की कार्रवाई पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग करना उचित नहीं है। CJP ने अपने बयान में सरकार से अपील करते हुए कहा, युवाओं पर आंसू गैस छोड़ना बंद कीजिए। दमन की बजाय संवाद का रास्ता चुनिए। 

Twitter Post

01:35 PM 20/07/26

प्रदर्शनकारी पहुंचे विजय चौक

नीट पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का 'चलो संसद' मार्च सोमवार को उस समय उग्र हो गया, जब प्रदर्शनकारी विजय चौक तक पहुंच गए। संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।

सुरक्षा कारणों से संसद भवन का मुख्य प्रवेश द्वार (मेन गेट) भी बंद कर दिया गया।

01:20 PM 20/07/26

CJP की मांगों के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री की गृहमंत्री से मुलाकात

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'चलो संसद' मार्च के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस बैठक के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं कि क्या CJP की मांगों के बीच शिक्षा मंत्री कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। हालांकि, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर अभी तक सरकार या उनकी ओर से कोई आधिकारिक बयान या पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल यह मुलाकात चर्चा का विषय बनी हुई है और सभी की नजर सरकार की अगली प्रतिक्रिया पर है।

01:00 PM 20/07/26

CJP संस्थापक ने अनशन समाप्त किया

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी है। उनके अनशन खत्म करने का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, उन्होंने किन परिस्थितियों में भूख हड़ताल समाप्त की और आगे आंदोलन की क्या रणनीति होगी, इसे लेकर अभी पार्टी की ओर से विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। उनके अनशन खत्म होने के बाद अब आंदोलन की अगली दिशा पर सभी की नजर बनी हुई है।

Twitter Post

12:20 PM 20/07/26

बातचीत के लिए जेपी नड्डा ने बुलाया

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दावा किया है कि केंद्र सरकार ने बातचीत की पहल की है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि वह और पार्टी प्रवक्ता आशुतोष रांका केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात करने जा रहे हैं। सौरव दास के मुताबिक, सरकार ने सोमवार सुबह उनसे बातचीत के लिए संपर्क किया था। उन्होंने कहा कि CJP की मांगें पूरी तरह स्पष्ट हैं और बड़ी संख्या में युवा आंदोलन का समर्थन करने के लिए जुटे हैं। अब सभी की नजर सरकार और CJP के बीच होने वाली इस अहम बैठक पर है।

Twitter Post

12:00 PM 20/07/26

संसद से जंतर-मंतर तक सपा सांसदों का मार्च

CJP के समर्थन में समाजवादी पार्टी के सांसद संसद से जंतर-मंतर तक मार्च निकाल रहे हैं। इस दौरान सपा सांसद डिंपल यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के युवा अपनी समस्याएं और मांगें सरकार के सामने रखना चाहते हैं, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी जा रही। उन्होंने कहा कि छात्रों और सोनम वांगचुक ने कई बार सरकार से बातचीत की अपील की, लेकिन सरकार बातचीत के लिए तैयार नहीं दिख रही।

Twitter Post

12:00 PM 20/07/26

सोनम वांगचुक ने अस्पताल से मांगी छुट्टी

सोनम वांगचुक ने आज सफदरजंग अस्पताल के निदेशक को पत्र लिखकर अस्पताल से अस्थायी छुट्टी देने की मांग की है। अपने पत्र में उन्होंने कहा कि वह अब बेहतर महसूस कर रहे हैं और उनके स्वास्थ्य संबंधी सभी पैरामीटर सामान्य हैं। इसलिए उन्हें कुछ समय के लिए अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति दी जाए, ताकि वे 'संसद चलो' मार्च में शामिल हो सकें।

11:30 AM 20/07/26

CJP की मांग- धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत बर्खास्त किया जाए

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटाने की मांग दोहराई है। पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए। CJP का कहना है कि परीक्षा से जुड़े विवादों और छात्रों के मुद्दों को लेकर जवाबदेही तय की जानी चाहिए, इसलिए शिक्षा मंत्री के खिलाफ कार्रवाई आवश्यक है।

Twitter Post

11:30 AM 20/07/26

सेंट्रल दिल्ली के कई इलाकों में मोबाइल इंटरनेट बंद

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के बीच सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सेंट्रल दिल्ली के कुछ हिस्सों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। दिल्ली पुलिस ने इस कदम की पुष्टि की है। इससे पहले जंतर-मंतर के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी। स्थिति को नियंत्रण में रखने और अफवाहों के प्रसार को रोकने के लिए प्रशासन ने यह एहतियाती फैसला लिया है।

11:00 AM 20/07/26

लाठीचार्ज पर CJP का पलटवार

जंतर-मंतर पर हुए लाठीचार्ज के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। पार्टी ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे गलत बताया है। CJP का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान बल प्रयोग करना संविधान की भावना और लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ है। पार्टी ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि लोगों को अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखने का अधिकार है।

Twitter Post

10:50 AM 20/07/26

CJP प्रवक्ता सौरव दास को डिप्टी कमिश्नर कार्यालय ले जाया गय

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास को पुलिस डिप्टी कमिश्नर (DCP) के कार्यालय ले गई। इस दौरान मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार के साथ बातचीत जारी है। सौरव दास ने उम्मीद जताई कि वार्ता के माध्यम से आंदोलन से जुड़े मुद्दों का समाधान निकलेगा। वहीं, पुलिस और प्रशासन की ओर से पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Twitter Post

10:35 AM 20/07/26

प्रदर्शन मार्च से पहले संसद मार्ग पर जुटी भीड़

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित 'चलो संसद' मार्च से पहले संसद मार्ग पर बड़ी संख्या में समर्थक जुटे। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और आंदोलन को जारी रखने का आह्वान किया। वहीं, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए संसद मार्ग और आसपास के इलाके में दिल्ली पुलिस के साथ रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों की भारी तैनाती की गई। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Twitter Post

 

10:30 AM 20/07/26

संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज

मार्च शुरू होने के कुछ समय बाद प्रदर्शनकारी संसद की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें बैरिकेड पर रोकने की कोशिश की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज के बाद कुछ देर के लिए जंतर-मंतर इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई प्रदर्शनकारी पीछे हट गए, जबकि पुलिस लगातार भीड़ को नियंत्रित करने में लगी रही। पूरे घटनाक्रम के दौरान सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर रहीं।

10:30 AM 20/07/26

दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर बढ़ी भीड़

'चलो संसद' मार्च का असर दिल्ली मेट्रो पर भी देखने को मिला। केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर केवल गेट नंबर-4 को ही यात्रियों के लिए खोला गया। वहीं मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन के बाहर भी लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ को देखते हुए यहां भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस लगातार लोगों की आवाजाही पर नजर रख रही है ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

10:10 AM 20/07/26

CJP के संसद मार्च में शामिल हुईं शबाना आजमी

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'चलो संसद' मार्च में बॉलीवुड अदाकारा शबाना आजमी भी शामिल हुईं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी लोग शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने और संविधान से मिले अधिकार का इस्तेमाल करने के लिए यहां आए हैं। शबाना ने कहा, महात्मा गांधी ने हमें अहिंसक और शांतिपूर्ण विरोध का रास्ता दिखाया था। हम उसी मार्ग पर चल रहे हैं। हमारा किसी भी तरह की हिंसा करने का कोई इरादा नहीं है और हम अपनी बात लोकतांत्रिक तरीके से रखना चाहते हैं।

10:00 AM 20/07/26

जंतर-मंतर से मार्च शुरू

जंतर-मंतर से कॉकरोच जनता पार्टी का संसद मार्च शुरू हो गया है. प्रदर्शनकारियों के साथ सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि, सांसद चंद्रशेखर आजाद और प्रकाश राज भी मौजूद हैं।

10:00 AM 20/07/26

राजीव चौक समेत कई मेट्रो स्टेशन बंद

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'चलो संसद' मार्च को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा कदम उठाया है। जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। इन स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट पर रोक लगा दी गई है। मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले नवीनतम अपडेट देखने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।

Twitter Post

 

10:00 AM 20/07/26

पुलिस की अपील- कानून का पालन करें

दिल्ली पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि बिना अनुमति किसी भी तरह का मार्च निकालने की इजाजत नहीं है। अगर कोई कानून तोड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नई दिल्ली में सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'चलो संसद' मार्च को लेकर सुबह से ही माहौल गरमा गया। पार्टी ने जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकालने का ऐलान किया था। सुबह 9 बजे से शुरू हुए इस मार्च में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग जंतर-मंतर पहुंचने लगे। हालांकि दिल्ली पुलिस ने साफ कहा कि इस मार्च की अनुमति नहीं दी गई है। इसी वजह से जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग कर दी गई। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान तैनात किए गए। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

जंतर-मंतर और आसपास थ्री-लेयर सुरक्षा व्यवस्था

CJP के प्रस्तावित 'चलो संसद' मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जंतर-मंतर, पार्लियामेंट स्ट्रीट, सेंट्रल विस्टा, कनॉट प्लेस और शंकर चौक समेत कई संवेदनशील इलाकों में थ्री-लेयर सुरक्षा ग्रिड बनाया गया है। इसमें दिल्ली पुलिस की दो सुरक्षा परतें और एक परत अर्धसैनिक बलों की तैनात की गई है। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीमें 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखी गई हैं।

धारा 163 लागू, उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई

मानसून सत्र और प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी गई है। इसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, जुलूस निकालने, धरना देने और विरोध प्रदर्शन करने पर रोक रहेगी। केवल जंतर-मंतर पर, वह भी पूर्व अनुमति मिलने के बाद, शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति दी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: वंदे मातरम के अपमान पर 3 साल की होगी जेल... गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को राज्यसभा में पेश करेंगे बिल

22वें दिन भी जारी है सोनम वांगचुक का अनशन

लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक पिछले 22 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उन्होंने अपना अनशन खत्म करने के लिए सरकार के सामने तीन प्रमु शर्तें रखी हैं। उनका कहना है कि जब तक सरकार इन मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वांगचुक की सेहत को लेकर भी लगातार चिंता जताई जा रही है। हालांकि उनके समर्थकों का कहना है कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और वे अपने फैसले पर कायम हैं।

यह भी पढ़ें: 'सरकार जवाबदेही ले तभी टूटेगा अनशन...' सोनम वांगचुक ने रखीं 3 शर्तें, संसद मार्च से पहले बढ़ा सियासी तापमान

तीन छात्र नेताओं ने खत्म की भूख हड़ताल

जंतर-मंतर पर आंदोलन के दौरान ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के तीन छात्र नेताओं ने अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी। इन छात्रों को अभिनेत्री शबाना आज़मी, राज्यसभा सांसद मनोज झा और अभिनेता प्रकाश राज ने पानी पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया। इस दौरान कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद रहे।

क्या हैं CJP की मुख्य मांगें? 

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन तीन प्रमुख मुद्दों पर केंद्रित है। पार्टी की पहली मांग है कि NEET परीक्षा में कथित धांधली, पेपर लीक और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। दूसरी मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है। CJP का आरोप है कि परीक्षा प्रणाली में हुई गड़बड़ियों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। वहीं तीसरा बड़ा मुद्दा बढ़ती बेरोजगारी, सरकारी भर्तियों में देरी और छात्रों के भविष्य से जुड़े सवालों का है। पार्टी का कहना है कि युवाओं को समय पर रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।

 फिलहाल क्या है स्थिति?

फिलहाल जंतर-मंतर और संसद मार्ग के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी है। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव बना हुआ है। एक ओर CJP अपने 'चलो संसद' मार्च पर अड़ी हुई है, वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक रही है। इसी बीच सोनम वांगचुक का अनशन भी जारी है, जिससे पूरे आंदोलन पर देशभर की नजर बनी हुई है। आने वाले घंटों में सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत होती है या नहीं, इस पर सभी की नजर रहेगी।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts