ताजा खबरराष्ट्रीय

फ्लाइट में बचा था 2 मिनट का फ्यूल, पैसेंजर्स की खराब हुई हालत; लास्ट मोमेंट पर चंडीगढ़ में कराई इमरजेंसी लैंडिंग

चंडीगढ़। अयोध्या से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट की शनिवार को चंडीगढ़ में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। खराब मौसम के कारण दिल्ली में फ्लाइट की लैंडिंग नहीं हो सकी। हैरान की बात यह है कि चंडीगढ़ में लैंड करते समय विमान में सिर्फ 2 मिनट का फ्यूल बचा था। ऐसे पैनिक सिचुएशन में विमान के अंदर कई सारे पैसेंजर्स की हालत खराब हो गई। उसी विमान में यात्रा कर रहे एक यात्री ने बताया कि इस दौरान पायलट ने लैंडिंग से जुड़ी एसओपी को भी फॉलो नहीं किया।

जानें पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6E 2702 दोपहर 3 बजकर 25 मिनट पर अयोध्या से रवाना हुई। जिसे शाम 4 बजकर 30 मिनट पर दिल्ली में लैंड होना था। लेकिन, दिल्ली का मौसम खराब होने के कारण फ्लाइट लैंड नहीं कर सकी। इसी विमान में दिल्ली के डीसीपी सतीश कुमार भी सफर कर रहे थे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस घटना के बारे में विस्तार से बताया है। इस दौरान विमान दिल्ली के ऊपर मंडराता रहा और दो बार लैंड कराने का प्रयास भी किया गया, लेकिन दोनों बार असफल रहा। इसके बाद पायलट ने शाम 4.15 बजे विमान में घोषणा की अब उनके पास सिर्फ 45 मिनट का ईंधन बचा हुआ है। इसलिए, उन्हें विमान को चंडीगढ़ के लिए डाइवर्ट करना होगा।

115 मिनट बाद हुई लैंडिंग

इस घोषणा के बाद फ्लाइट में सवार यात्रियों की सांसें अटक गईं। घबराहट में कुछ की इतनी हालत खराब हो गई कि यात्रियों और क्रू मेंबर ने उल्टियां भी की। विमान में 45 मिनट का ईंधन होने की घोषणा 4:15 पर की गई थी। इसके बाद 115 मिनट बाद शाम 6 बजकर 10 मिनट पर इसकी चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिग कराई गई। तब एक क्रू मेंबर ने बताया कि विमान में केवल 1 से 2 मिनट का ही ईंधन रह गया था।

इंडिगो ने दी अपनी सफाई

इंडिगो ने इस घटना पर अपना जवाब देते हुए बताया कि 13 अप्रैल को अयोध्या और दिल्ली के बीच चलने वाली इंडिगो की उड़ान 6E 2702 को दिल्ली में खराब मौसम के कारण चंडीगढ़ डायवर्ट कर दिया गया था। कैप्टन ने एक गो-अराउंड क्रियान्वित किया, जो मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप है। यह बिल्कुल सुरक्षित प्रक्रिया है। नियमों के अनुसार, विमान को वैकल्पिक हवाई अड्डे पर ले जाने के लिए हर समय पर्याप्त ईंधन था। हमारे सम्मानित यात्रियों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। हमें एयरलाइन के नियंत्रण से परे कारकों के कारण हुई किसी भी असुविधा के लिए खेद है।

ये भी पढ़ें-Amarnath Yatra 2024 : अमरनाथ यात्रा के लिए आज से रजिस्ट्रेशन शुरू, 29 जून से 19 अगस्त तक होगी यात्रा

संबंधित खबरें...

Back to top button