देश में आज से 15 से 18 साल के बच्चों के लिए टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है। देश भर में इस उम्र वर्ग के करीब 10 करोड़ से ज्यादा बच्चे हैं। CoWIN App के जरिए अब तक 8 लाख से ज्यादा लोगों ने अपने बच्चों की वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए नए दिशानिर्देशों के अनुसार, 15-18 आयु वर्ग के लोगों को केवल कोवैक्सीन ही दी जाएगी। कोवैक्सीन की दूसरी डोज 28 दिन बाद दी जानी है।
देश के अलग-अलग राज्यों में वैक्सीन की व्यवस्था
दिल्ली
बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए दिल्ली में 159 सेंटर चिन्हित किए गए। दिल्ली सरकार के दिल्ली स्टेट हेल्थ मिशन ने लिस्ट जारी की है। सबसे ज्यादा 21 वैक्सीनेशन सेंटर्स साउथ वेस्ट जिले में हैं। स्कूलों में बनाए गए वैक्सीनेशन सेंटर के लिए खास प्रोटोकॉल तैयार किए गए हैं।
मध्य प्रदेश
करीब 36 लाख स्कूली बच्चों को कोविड-19 रोधी टीका लगाया जाएगा। पहले ही दिन इस आयु वर्ग के 12 लाख बच्चों को टीका लगाने का लक्ष्य है। स्कूली बच्चों के बाद 15 से 18 साल के स्कूल से ड्रॉप आउट बच्चों को टीका लगाए जाएंगे।
मुंबई
पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे बीकेसी कोविड केंद्र का उद्घाटन करेंगे। मुंबई में 9 कोविड टीकाकरण केंद्र बनाए गए है। ऑनलाइन और ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू होगी।
गुजरात
गुजरात सरकार 15 से 18 साल के 36 लाख बच्चों को टीका लगाने के लिए एक हफ्ते का विशेष अभियान चला रही है। 10वीं कक्षा के छात्रों का टीकाकरण करने पर मुख्य जोर होगा, जो इस साल बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। अभियान 3500 केंद्रों पर 3 से 9 जनवरी तक सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चलाया जाएगा।
असम
7 दिनों के अंदर कोवैक्सीन की पहली खुराक देने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य प्रशासन का लक्ष्य मध्य फरवरी तक सभी छात्रों का पूर्ण टीकाकरण करने का है। दरअसल, फरवरी के अंत से सालाना बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं, इससे पहले इसे पूरा किया जाएगा।
ऐसे होगा बच्चों का रजिस्ट्रेशन
- सबसे पहले आरोग्य सेतु ऐप या Cowin.gov.in वेबसाइट पर जाएं।
- अगर आप कोविन (CoWIN) पर रजिस्टर्ड नहीं हैं तो पहले रजिस्टर का विकल्प चुनें।
- रजिस्ट्रेशन पेज पर फोटो, ID टाइप, फोन नंबर और अपना पूरा नाम दर्ज करना होगा। यहां बच्चे का लिंग और आयु भी दर्ज करना होगा।
- रजिस्ट्रेशन पूरा होने पर दिए गए मोबाइल नंबर पर एक कंफर्मेशन मैसेज आएगा।
- मेंबर के रजिस्टर्ड होने के बाद अपने इलाके का पिन कोड डालना होगा। इसके बाद वैक्सीनेशन सेंटर की लिस्ट आएगी।
- अब डेट, टाइम के साथ अपना वैक्सीन स्लॉट बुक करें और सेंटर पर जाकर वैक्सीनेशन कराएं।
- वैक्सीनेशन सेंटर पर पहचान पत्र और रजिस्ट्रेशन करते समय मिलने वाला सीक्रेट कोड बताना होगा।
- एक मोबाइल नंबर से अधिकतम चार लोगों का वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है।
- जिन बच्चों के पास ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने की सुविधा नहीं है वे ऑन-साइट भी वैक्सीन स्लॉट की बुकिंग करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें पहचान पत्र लेकर टीकाकरण केंद्र जाना होगा।