ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

Bhopal : वाटर कैनन चलते ही कांग्रेस का जोश ठंडा, पीछे से निकले कमलनाथ, जीतू पटवारी समेत 1,000 कांग्रेसी गिरफ्तार

Bhopal में राजभवन का घेराव करने निकाला था विशाल मार्च, दूसरा बेरीकेड भी नहीं कर सके पार

भोपाल। बेरोजगारी, महंगाई, किसानों के उत्पीड़न समेत तमाम मुद्दों को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने भोपाल में सोमवार को विशाल मार्च और राजभवन घेराव का आयोजन किया था। लेकिन, यह शुरू होने के कुछ देर बाद ही खत्म हो गया। जवाहर चौक से कांग्रेसी ट्रकों में सवार होकर राजभवन के लिए जैसे ही आगे बढ़े, बड़ी संख्या में तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। बड़े प्रदर्शन के जोश में कांग्रेसियों ने एक बेरीकेड तो पार कर लिया, लेकिन जैसे ही वे दूसरे बेरीकेड पर पहुंचे, पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछार कर दी।

बेरीकेड पर चढ़े कांग्रेसी चोटिल

कांग्रेसियों पर कई गाड़ियों से ताबड़तोड़ पानी की बैछार मारी गई, जिससे भीड़ चंद मिनटों में तितर-बितर हो गई। हालत देख प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ खुद पीछे से वापस लौट गए। उनके साथ कुछ वरिष्ठ नेता भी थे। कुछ कार्यकर्ता जोश दिखाते  हुए बेरीकेड पर चढ़े तो पुलिस ने फिर से पानी की बौछार मारी। इससे वे फिसलकर नीचे गिरे।

पुलिस के वाटर कैनन चलाते ही मची भगदड़ में कुछ कांग्रेसी चोटिल हो गए। इसके बाद पुलिस ने विधायक जीतू पटवारी, कुणाल चौधरी समेत तकरीबन 1,000 कांग्रेसियो को गिरफ्तार कर लिया। इन्हें बसों में भरकर प्रदर्शन स्थल से ले जाया गया। इसके कुछ देर बाद कांग्रेस का प्रदर्शन खत्म हो गया। प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कांग्रेसियों को संबोधित कर उन्हें प्रदर्शन में शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया।

दूसरे बेरीकेड पर थी पूरी मुस्तैदी

एडिशनल डीसीपी श्रुतिकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि हमने दो स्तरों पर सुरक्षा के बंदोबस्त किए थे। पहले को कांग्रेसियों ने पार कर लिया, लेकिन दूसरे बेरीकेड पर हमने वाटर कैनन और टियर गैस की व्यवस्था की थी। कांग्रेसियों के उग्र होते ही वाटर कैनन और पुलिस बल का इस्तेमाल किया और कांग्रेसियों को पीछे खदेड़ दिया। करीब 1,000 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बेरीकेड पर चढ़े थे। फिसलने से उन्हें चोट आई है। इस घटना से चंद मिनट पहले मप्र कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख केके मिश्रा ने कहा था कि सड़कों पर उतरा यह जनसैलाब जब तक भाजपा की सरकार गिर नहीं जाती, तब तक सड़क पर ही दिखेगा।

छाती ठोंककर बताएं कि 15 महीने में क्या किया : कमलनाथ

प्रदर्शन में आए लोगों को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने उन्हें धन्यवाद दिया। कहा- आपने यहां आकर कांग्रेस को शक्ति दी। आपने 18 साल कांग्रेस का झंठा उठाया। आपकी निष्ठा आपको यहां खींचकर लाई। यहां कोई ठेका नहीं मिलना है, जो आप यहां आए। निष्ठा की वजह से ही आप यहां आए हैं। अगले छह महीनों में आपकी निष्ठा की सबसे बड़ी परीक्षा है। मुझे विश्वास है कि अगर आपने अपनी कमर कस ली तो कोई रोक नहीं सकता। यह मध्यप्रदेश के भविष्य की बात है। हर वर्ग परेशान है। किसान, नौजवान, छोटा व्यापारी सभी परेशान हैं। आपकी जिम्मेदारी है कि मध्यप्रदेश को सही पटरी पर लाना है। आने वाली पीढ़ियों को आपको ऐसा मध्यप्रदेश सौंपना है कि उन्हें एक बेहतर मध्यप्रदेश मिले। आापको छाती ठोंककर बताना है कि 15 महीनों में कांग्रेस सरकार ने क्या किया।

सरकार बोलने नहीं देती, इसलिए सड़क पर उतरे : साधौ

कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ ने कहा- सरकार गूंगी बहरी है। वह किसी की सुन नहीं रही है। संसद में बोलने नहीं दिया जा रहा। विधानसभा में बोलने नहीं दिया जा रहा। हमने विधानसभा में पूछा कि मुख्यमंत्री जो 3 लाख करोड़ का कर्ज ले रहे हैं, उससे क्या करेंगे? आम आदमी के लिए क्या करेंगे। इनके पास कोई जवाब नहीं है। जो बोलता है उसके माइक बंद कर दिए जाते हैं। इसलिए हम लोग सड़क पर उतरे हैं।

यह भी पढ़ें इंदौर : पटवारी और MPPSC मेंस परीक्षा एक ही दिन होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी, लोक सेवा आयोग के ऑफिस पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

संबंधित खबरें...

Back to top button