ताजा खबरराष्ट्रीय

महाराष्ट्र में कांग्रेस के एकमात्र सांसद बालू धानोरकर का निधन, दिल्ली के अस्पताल में ली अंतिम सांस; 4 दिन पहले ही हुआ था पिता का निधन

नई दिल्ली। महाराष्ट्र में कांग्रेस के एकमात्र सांसद बालू धानोरकर का दिल्ली में निधन हो गया। 48 वर्षीय बालू धानोरकर का दिल्ली के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां मंगलवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। वह पिछले दो दिनों से वेंटीलेटर पर थे। उनकी पत्नी प्रतिभा धानोरकर भी विधायक हैं।

किडनी स्टोन के ऑपरेशन के बाद बिगड़ी तबीयत

कुछ दिन पहले ही उनका किडनी स्टोन का ऑपरेशन किया गया था। इसी के बाद उनकी हालत खराब होना शुरू हो गई थी। पहले उनका नागपुर में इलाज चल रहा था। लेकिन दो दिन पहले उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली रेफर कर दिया गया। वह पिछले दो दिनों से वेंटीलेटर पर थे। बालू उर्फ सुरेश धनोरकर चंद्रपुर से सांसद थे।

कब होगा अंतिम संस्कार?

बालू धानोरकर के परिवार में पत्नी विधायक प्रतिभा और दो बच्चे हैं। धानोरकर का पार्थिव शरीर दिल्ली से नागपुर होते हुए दोपहर 1:30 बजे वरोरा उनके आवास ले जाया जाएगा। दोपहर 2 बजे से 31 मई की सुबह 10 बजे तक उनके निवास में अंतिम दर्शन किए जाएंगे। जिसके बाद सुबह 11 बजे वाणी-वरोरा बाईपास मार्ग स्थित मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार होगा।

धानोरकर के पिता नारायण धानोरकर का चार दिन पहले निधन हो गया था। अस्पताल में भर्ती होने के कारण वो अपने पिता के अंतिम संस्कार में भी नहीं जा पाए थे।

शिवसेना से की थी राजनीति की शुरुआत

  • धानोरकर का जन्म 4 मई 1975 को यवतमाल जिले में हुआ था। उन्होंने शिवसेना से राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी।
  • पार्टी के कई बड़े पदों पर काम करने के बाद 2009 में शिवसेना से पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ा लेकिन उनकी बहुत कम वोटों के अंतर से वह हार गए।
  • 2014 में भद्रावती वरोरा से शिवसेना के विधायक बने।
  • 2019 में उन्होंने शिवसेना से इस्तीफा दे दिया और कांग्रेस में शामिल हो गए।
  • पार्टी ने उन्हें चंद्रपुर वाणी आर्णी से लोकसभा का चुनाव लड़ाया, वह सांसद चुने गए।
  • उन्होंने बीजेपी के बड़े नेता हंसराज अहीर को हराकर बड़ी जीत हासिल की थी।
  • वह महाराष्ट्र से एकमात्र कांग्रेस सांसद थे, पार्टी में उनकी मजबूत पकड़ थी।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button