राष्ट्रीय

MCD Polls 2022 : शाम 4 बजे तक 45 फीसदी मतदान, बुजुर्गों में उत्साह, युवा वोटर पीछे

दिल्ली नगर निगम (MCD) के 250 वार्डों के लिए हो रहे चुनावों में रविवार शाम 4 बजे तक 45 फीसदी वोट पड़े। राज्य निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। यहां सुबह 10 बजे तक बुजुर्ग वोटर बड़ी संख्या में घरों से निकले थे, लेकिन युवाओं की संख्या कम दिखी। यही वजह रही कि सुबह 10 बजे तक महज 9 फीसदी वोट ही पड़े थे। मतदान की धीमी रफ्तार देखकर ऐसा लगा मानों भाजपा और आम आदमी के जबरदस्त प्रचार का असर वोटरों पर नहीं दिखा। सुबह 8 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 5:30 बजे तक चला।

एमसीडी में अभी भाजपा का कब्जा

दिल्ली एमसीडी में अभी भाजपा का कब्जा है। इस बार भाजपा के अलावा आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। मतदान बढ़ाने के लिए सीएम अरविंद केजरीवाल समेत कांग्रेस और भाजपा के तमाम नेताओं ने लोगों को जागरुक भी किया। भाजपा ने चुनावी चरण के दौरान आम आदमी पार्टी के जेल में बंद मंत्री सत्येंद्र जैन के कई वीडियो क्लिप जारी किए, जिसमें जैन को सलाखों के पीछे विशेष सुविधा प्राप्त करते हुए दिखाया गया है।

एक क्लिप में कथित तौर पर जैन को मसाज कराते हुए दिखाया गया था, जबकि दूसरी में मंत्री को फल और सलाद खाते हुए दिखाया गया था। हालांकि, आम आदमी पार्टी ने विशेष सुविधाओं का खंडन करते हुए कहा था कि उन्हें जेल में डॉक्टर की सलाह पर फिजियोथेरेपी दी जा रही है।

100 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों में भी दिखा उत्साह

उत्तरी दिल्ली के बाड़ा हिंदू राव इलाके में रविवार सुबह 106 वर्षीय शांति बाला वैद्य अपनी बेटी के साथ दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव के लिए मतदान करने पहुंचीं। उनकी 55 वर्षीय बेटी कमला ने कहा – मां ने जब से वोट डालना शुरू किया है, उसके बाद से एक बार भी मतदान नहीं छोड़ा। डिप्टी गंज मतदान केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों ने वोट डालने में भी वैद्य की मदद की।

‘युवा पीढ़ी मतदान में रुचि नहीं दिखा रही’

गुरदास जीत सिंह अगले महीने अपना 100वां जन्मदिन मनाएंगे, लेकिन मतदान को लेकर उनका उत्साह अभी भी पहले जैसा है। गुरदास कहते हैं – यह हमारा अधिकार है। जब तक हम अपने घरों से बाहर नहीं आएंगे, सत्ता में हम अपने पसंद के लोगों को कैसे पाएंगे ? अपने घरों में आराम से बैठकर शिकायत करने से चीजें नहीं बदलने वालीं। उन्होंने चिंता जताई कि युवा पीढ़ी मतदान में रुचि नहीं दिखा रही। मैंने हमेशा यह सुनिश्चित किया कि मुझे वोट देने का अधिकार कभी नहीं छोड़ना चाहिए।

ये भी पढ़ें – Delhi MCD Election 2022: दिल्ली की शहर सरकार चुनने पोलिंग बूथों पर भीड़, सर्द मौसम में चुनावी गर्माहट

संबंधित खबरें...

Back to top button