ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

CM शिवराज ने सलकनपुर में रखी भव्य देवी लोक की आधारशिला, कहा- धाम में माता के 9 रूपों के होंगे दर्शन

सलकनपुर/सीहोर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को सलकनपुर में 211 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले विजयासन माता के भव्य देवी लोक का शिला-पूजन किया। उन्होंने कहा कि विकास के कार्यों के साथ जन-जन को जोड़ने वाली धर्म और संस्कृति को बढ़ावा देना भी सरकार का उत्तरदायित्व है। सीएम ने अपार जन-समूह के साथ मां की स्तुति भी की।

एक लाख श्रद्धालु बने साक्षी

सलकनपुर में देश भर के मठ, मंदिर, शक्तिपीठ, अखाड़ों के साधु, संत, महंत और पुजारियों की उपस्थिति में भव्य देवीलोक निर्माण के भूमि-पूजन में लगभग एक लाख श्रद्धालु साक्षी बने। प्रभारी मंत्री प्रभुराम चौधरी, कृषि मंत्री कमल पटेल सहित विधायक, मुख्यमंत्री की पत्नी साधना सिंह, पुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

देवी के नौ रूपों के होंगे दर्शन

सीएम शिवराज ने कहा कि मैया के मंदिर परिसर में 166 करोड़ रुपए से मंदिर संरचनाओं के साथ ही 64 योगिनी, नवदुर्गा के नौ स्वरूप की प्रतिकृति के साथ ही देवीमाहात्म्य, दुर्गा सप्तशती और विभिन्न शक्तिपीठ की आकृतियां निर्माण और श्लोक उकेरे जाएंगे। मुख्यमंत्री ने देश के सभी शक्तिपीठ से आए जल और पवित्र मिट्टी का भी शिलाओं के साथ पूजन किया। यह सभी सामग्री देवी लोक के निर्माण में लगाई जाएगी।

सीएम ने देशभर से पधारे पूज्य साधु-संतों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया एवं उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

माता के आशीर्वाद से ही बहन-बेटियों के लिए योजनाएं बनाई

सीएम शिवराज ने कहा कि यह माता का आशीर्वाद ही है कि बहन-बेटियों को गलत नजर से देखने और उनके साथ गलत करने वालों को सरकार ने फांसी देने का कानून बनाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार माता का भव्य देवी लोक उनके ही आशीर्वाद से बनवा रही है। मां का ही आशीर्वाद है जो उनकी सरकार ने बहनों के सम्मान और छोटी-छोटी जरूरतों के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बनाई। उन्होंने नारियों के सम्मान को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि नारी सशक्तिकरण और सम्मान के लिए लाड़ली लक्ष्मी और मुख्यमंत्री कन्या विवाह सहित अनेक योजनाएं संचालित की है।

सीएम ने सलकनपुर में निर्माणाधीन देवी लोक के मॉडल का अवलोकन कर निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

सीएम ने महा देवी लोक के मॉडल का किया अवलोकन

सीएम ने कहा कि मंदिर के नीचे श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए 45 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य किए जाएंगे। सीएम ने मां और साधु-संतों से प्रदेश की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया। इसके पहले मुख्यमंत्री ने सलकनपुर में देवी लोक प्रदर्शनी और निर्माणाधीन महा देवी लोक के मॉडल का अवलोकन किया। उन्होंने मंच स्थल पर बनाई गई माता विजयासन मंदिर की प्रतिकृति के दर्शन किए।

भजन गायक कन्हैया मित्तल के भजनों ने बांधा समां

इस दौरान गाजे-बाजे के साथ निकाली गई माता की रथ यात्रा में भी मुख्यमंत्री शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सुसज्जित वाहन में सवार होकर लगभग एक लाख श्रद्धालुओं का स्वागत किया और कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप देने के लिए उनका आभार माना। महोत्सव में हरियाणा से आए मशहूर भजन गायक कन्हैया मित्तल के भजनों ने समां बांधा। साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई ढोल, नगाड़े, ताशे, झांझ और डमरू आदि के प्रदर्शन ने चार चांद लगाए।

निर्माण के बाद ऐसा दिखेगा देवी लोक।

मध्य प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button