नरसिंहपुर में CM डॉ. मोहन यादव का बड़ा ऐलान, कहा- प्रदेश में 17 धार्मिक नगरों में होगी शराबबंदी

नरसिंहपुर (गोटेगांव)। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार शराबबंदी को लेकर लगातार सख्त दिखाई दे रही है। इसी बीच गुरुवार (23 जनवरी) को सीएम नरसिंहपुर के गोटेगांव में राष्ट्रीय कबड्डी टूर्नामेंट के समापन कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य के 17 धार्मिक नगरों में शराबबंदी करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि समाज में नशाखोरी की आदत खासकर शराब से परिवार के परिवार बर्बाद हो जाते हैं। कोई देशी नहीं कोई विदेशी नहीं। इन शहरों में सभी तरह की शराब दुकानों पर ताले लगाए जाएंगे।
बता दें कि कल यानी शुक्रवार को धार्मिक नगरी महेश्वर में डॉ. मोहन यादव कैबिनेट की बैठक होने जा रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि कैबिनेट बैठक में धार्मिक नगरों में शराबबंदी के फैसले पर मुहर लग सकती है।
परिक्रमा पद पर बनेंगे आश्रय स्थल और स्नान घाट
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में समूचा नर्मदा परिक्रमा पथ सभी तरह के व्यवस्थाओं के साथ तैयार होगा। छायादार स्थान और स्नान करने के लिए घाट की व्यवस्था होगी। मां नर्मदा की परिक्रमा हमारे लिए गौरवशाली परंपरा है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के अंदर जहां-जहां भगवान कृष्ण के चरण पड़े, जहां-जहां लीलाएं हुईं, एक-एक स्थान को हम अपने धार्मिक पर्यटन का केंद्र बनाएंगे। सीएम ने कहा कि इस देश के अंदर जब से भगवान राम अयोध्या में मुस्कुरा रहे हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक अनुष्ठान का पर्व चल रहा है। मां नर्मदा के किनारे महेश्वर भी आता है। देखें वीडियो...प्रदेश में इन शहरों में हो सकती है शराबबंदी
- उज्जैन (महाकालेश्वर मंदिर)
- ओंकारेश्वर (12 ज्योर्तिलिंगों में से एक भगवान ममलेश्वर का मंदिर)
- ओरछा (भगवान रामराजा सरकार की नगरी)
- मंडला (नर्मदा के प्रसिद्ध घाट, भक्तों की भीड़ लगती है.)
- महेश्वर (पर्यटन नगरी, नर्मदा किनारे कई प्राचीन मंदिर)
- दतिया (प्रसिद्ध पीतांबरा माई का मंदिर)
- मुलताई (प्रसिद्ध धार्मिक ताप्ती नदी का उद्गम स्थल)
- मैहर (मां शारदा का प्रसिद्ध मंदिर)
- बरमान घाट और मंडेलश्वर (दोनों ही मां नर्मदा के प्रसिद्ध घाट हैं.)
- पन्ना (जुगलकिशोर भगवान का प्राचीन मंदिर)
- सांची को भी इसमें शामिल किया जा सकता है, क्योंकि यह बेहद प्राचीन जगह
- अमरकंटक (नर्मदा उद्गम स्थल, नर्मदा मंदिर)
- जबलपुर (नर्मदा के किनारे बसा शहर, भेड़ाघाट)
- नलखेड़ा (मां बगुलामुखी माता का प्रसिद्ध मंदिर)
- सलकनपुर (प्रसिद्ध देवी मंदिर)
- चित्रकूट (धार्मिक नगरी, भगवान राम ने वनवास का समय यहा बिताया था।)
- मंदसौर (भगवान पशुपतिनाथ का प्रसिद्ध मंदिर)












