भोपाल की 2 समस्याओं का AI से समाधान, Claude Impact Lab में इन टीमों ने मारी बाजी

भोपाल की शहरी समस्याओं का समाधान तलाशने के लिए देशभर के प्रतिभागियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद ली। Claude Community के हैकाथॉन Claude Impact Lab में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पानी की गुणवत्ता और बिल्डिंग परमिशन से जुड़े दो टास्क दिए गए। आयोजन के लिए देशभर से करीब 2,000 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 250 प्रतिभागियों को फाइनल इवेंट में हिस्सा लेने का मौका मिला। कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने शहर की समस्याओं के लिए तकनीक आधारित समाधान तैयार करने पर काम किया।

विसर्जन घाट की निगरानी से बिल्डिंग परमिशन तक के टास्क
Claude Community के ब्रांड एम्बेसडर अनिकेत साहू ने बताया कि इस बार का आयोजन पिछले हैकाथॉन से अलग था। पिछली बार प्रतिभागियों ने अपनी पसंद के विषयों पर समाधान तैयार किए थे, जबकि इस बार उन्हें शहर की समस्याओं से जुड़े दो टास्क दिए गए।

पहला टास्क ‘विसर्जन घाट वॉच’ था। यह दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पानी की गुणवत्ता में होने वाले बदलावों से जुड़ा था। प्रतिभागियों को ऐसा प्रोजेक्ट तैयार करना था, जो जल गुणवत्ता की निगरानी और प्रदूषण कम करने के प्रयासों में मदद कर सके। यह टास्क नगर निगम और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित था।
दूसरा टास्क ‘भूमि विकास सहायक’ था। इसके तहत भोपाल में बिल्डिंग परमिशन से संबंधित नियमों के आधार पर जवाब देने वाला समाधान तैयार करना था। इसमें संबंधित नियमों के नंबर के साथ सही जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
Claude और Cerebras के सहयोग से हुआ आयोजन
इस बार का हैकाथॉन Claude और Cerebras के सहयोग से आयोजित किया गया। Cerebras AI कंप्यूटिंग चिप्स और सिस्टम बनाने वाली कंपनी है। आयोजन में स्टार्टअप फाउंडर्स, स्टूडेंट्स, वर्किंग प्रोफेशनल्स और नॉन-टेक्निकल क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया।
Claude Community के मैनेजर अभिषेक प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतिभागी अकेले या टीम बनाकर दोनों टास्क पर काम कर सकते थे। एक टीम में अधिकतम पांच सदस्य शामिल हो सकते थे।
Anthropic ने लॉन्च किया Claude Haiku 5.5, Haiku 4.5 से 75% सस्ता और सबसे तेज
मध्य प्रदेश के साथ दूसरे शहरों के लिए भी समाधान तैयार करने की कोशिश
Original Guild के को-फाउंडर अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम ग्लोबल स्किल पार्क, मध्य प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (MPSEDC) और मध्य प्रदेश सरकार के सहयोग से आयोजित किया गया। संबंधित पक्षों से चर्चा के बाद ऐसे टास्क चुने गए, जिनके समाधान मध्य प्रदेश के साथ देश के दूसरे शहरों में भी उपयोगी हो सकें। उन्होंने बताया कि दोनों टास्क का उद्देश्य ऐसे समाधान तैयार करना है, जिनसे सरकारी विभागों और आम लोगों को फायदा मिल सके।
प्रदूषण कम करने के समाधान पर काम कर रहीं प्रतिभागी
भोपाल की प्रतिभागी स्मृति सिन्हा ने बताया कि उनकी टीम विसर्जन घाटों की सफाई और प्रदूषण कम करने में मदद करने वाले समाधान पर काम कर रही है। टीम इस बात पर भी विचार कर रही है कि समस्या से जुड़े और कौन-कौन से पहलू शामिल किए जा सकते हैं, ताकि मध्य प्रदेश सरकार को उपयोगी सुझाव दिए जा सकें। स्मृति के मुताबिक, उनकी कोशिश ऐसा समाधान तैयार करने की है, जिससे प्रतिमा विसर्जन के दौरान होने वाले प्रदूषण को कम करने में मदद मिले।
AI को स्लो डाउन करने की बात के बाद Anthropic का नया प्लान, अब AI से ही बनेगा Next Generation AI!
Claude Impact Lab के विजेता
आयोजन से मिली विजेताओं की सूची के अनुसार, Claude Impact Lab में तीन टीमों के नाम सामने आए हैं।
पहली टीम
- नितिन कुमार मिश्रा
- आयुष प्रताप
- आदित्य श्रीवास्तव
- कुसाग मिश्रा
दूसरी टीम
- श्रेयस सिंह
- श्रेय सिंह
- मेदांश कपूर
तीसरी टीम
- आदर्श दुबे
- सौरव पटेल




















