Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ताइवान के तट पर मंडराए चीनी फाइटर प्लेन, नेवी शिप

चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने कहा - यह नए राष्ट्रपति लाई चिंग-ते के भाषण का जवाब
ताइवान के तट पर मंडराए चीनी फाइटर प्लेन, नेवी शिप

ताइपे। ताइवान ने कहा कि उसके तट के पास चीन की सेना के व्यापक अभ्यास के दूसरे दिन शुक्रवार को दर्जनों चीनी युद्धक विमान और नौसैन्य पोत देखे गए। चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी का कहना है कि उसका यह अभ्यास ताइवान के नए राष्ट्रपति के उद्घाटन भाषण के जवाब में है। चीन ने मीडिया को व्यापक फुटेज जारी किए हैं जिनमें ताइवान को पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के बलों से घिरा दिखाया गया है। शुक्रवार को एक नए वीडियो में एनिमेटेड चीनी सेनाओं को हर तरफ से आते हुए और ताइवान को घिरा दिखाया गया है।

ताइवान की आबादी 2.3 करोड़ है और इस घटनाक्रम के बावजूद यहां के लोगों में इसे लेकर कोई खास चिंता नहीं दिखाई दे रही। ताइवान की संसद में शुक्रवार को अभियानगत उपायों को लेकर राजनीतिक दलों के बीच काफी विवाद हुआ वहीं ताइपे में कारोबार सामान्य रूप से जारी रहा। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसे 49 युद्धक विमान और 19 नौसैन्य पोत के साथ-साथ चीनी तट रक्षक जहाजों के होने का भी पता चला है और गुरुवार से शुक्रवार तक 24 घंटे की अवधि में 35 विमानों ने ताइवान जलडमरूमध्य में उड़ान भरी। यह दोनों पक्षों के बीच की वास्तविक सीमा है।

ताइवान ने कहा - हम अपनी स्वतंत्रता को बनाए रखेंगे

समुद्री और तट रक्षक पोतों, हवाई और जमीन-आधारित मिसाइल इकाइयों को खासतौर पर ताइवान नियंत्रित किनमेन और मात्सु द्वीप शृंखलाओं के आसपास अलर्ट पर रखा गया है। ताइवान के नए राष्ट्रपति लाई चिंग-ते ने गुरुवार को राजधानी ताइपे के दक्षिण में ताओयुआन में एक नौसैन्य अड्डे का दौरा किया और नाविकों तथा शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों से कहा, हम बाहरी चुनौतियों और खतरों का सामना कर रहे हैं। हम स्वतंत्रता और लोकतंत्र के मूल्यों को बनाए रखेंगे। इससे पहले लाई ने सोमवार को अपने उद्घाटन भाषण में कहा था कि ताइवान एक स्वतंत्र संप्रभु राष्ट्र है जिसमें संप्रभुता लोगों के हाथों में है।

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts