Raipur:छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव में बड़ा ट्विस्ट, हनी बग्गा बने निर्विरोध प्रदेश उपाध्यक्ष,भूपेश खेमे को बढ़त, देवेंद्र यादव कैंप को झटका।

प्रेम कुमार,रायपुर: छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के बीच बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव का परिणाम आने से पहले ही हनी परमीत सिंह बग्गा निर्विरोध प्रदेश उपाध्यक्ष निर्वाचित हो गए हैं। अल्पसंख्यक वर्ग के लिए निर्धारित चुनावी प्रक्रिया में एकमात्र प्रत्याशी बचने के बाद उनका निर्विरोध निर्वाचन हुआ। हनी बग्गा को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी खेमे से जोड़कर देखा जाता है। ऐसे में उनके निर्विरोध निर्वाचन को लेकर कांग्रेस के भीतर राजनीतिक समीकरणों और गुटीय ताकत को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
ये भी पढ़ें: Bilaspur: भाई से विवाद के बाद हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक,घंटो चला हाईवोल्टेज ड्रामा।
चुनाव के बीच बड़ा सियासी घटनाक्रम
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के विभिन्न संगठनात्मक पदों के लिए 30 अगस्त से ऑनलाइन मतदान प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रदेशभर में युवा कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता चुनाव के साथ सदस्यता अभियान में भी जुटे हुए हैं। इसी बीच हनी परमीत बग्गा के निर्विरोध प्रदेश उपाध्यक्ष चुने जाने से चुनावी माहौल में नया राजनीतिक मोड़ आ गया है।

प्रदेश अध्यक्ष की रेस में 18 उम्मीदवार मैदान में
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कुल 19 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान अधिक आयु होने के कारण आदित्य भगत का नामांकन निरस्त कर दिया गया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में 18 प्रत्याशी रह गए। युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद का परिणाम आने से पहले ही संगठन के एक महत्वपूर्ण पद पर निर्वाचन होने से चुनाव की राजनीतिक अहमियत और बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें: Raipur: सरकारी दफ्तरों पर 3035 करोड़ बिजली बिल बकाया, 39 ऑफिसों की बिजली कटी
अल्पसंख्यक कोटे में बदला पूरा चुनावी समीकरण
युवा कांग्रेस चुनाव में निर्धारित सामाजिक श्रेणी के तहत अल्पसंख्यक समाज से हनी परमीत बग्गा और गुलजेब अहमद ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। जांच के दौरान गुलजेब अहमद का नामांकन निर्धारित आयु सीमा से अधिक होने के कारण निरस्त हो गया। इसके बाद हनी परमीत बग्गा इस श्रेणी से अकेले प्रत्याशी रह गए और उनका प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया।


अध्यक्ष का रिजल्ट बाकी, उपाध्यक्ष का फैसला पहले
इस चुनावी घटनाक्रम की सबसे बड़ी खासियत यही है कि प्रदेश अध्यक्ष पद का चुनाव अभी जारी है, लेकिन उससे पहले ही हनी बग्गा प्रदेश उपाध्यक्ष निर्वाचित हो चुके हैं। यानी अध्यक्ष पद की दौड़ में उनका प्रदर्शन चाहे जैसा रहे, उनका प्रदेश उपाध्यक्ष पद सुरक्षित हो चुका है। युवा कांग्रेस की संगठनात्मक राजनीति में इसे महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
भूपेश खेमे में खुशी, देवेंद्र कैंप पर सवाल
हनी परमीत बग्गा को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खेमे से जोड़कर देखा जाता है। ऐसे में उनका निर्विरोध निर्वाचन बघेल समर्थक खेमे के लिए राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। दूसरी ओर, युवा कांग्रेस के चुनाव में देवेंद्र यादव खेमे की सक्रियता के बीच यह घटनाक्रम सामने आने से पार्टी के अंदर खेमों के बीच शक्ति संतुलन को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, इसे किसी एक खेमे की निर्णायक जीत या हार मानना अभी जल्दबाजी होगी, क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष पद का अंतिम परिणाम अभी सामने आना बाकी है।

हनी बग्गा बोले- सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी
निर्विरोध प्रदेश उपाध्यक्ष चुने जाने के बाद हनी परमीत बग्गा ने इसे सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में उतरकर संगठन और युवा साथियों के बीच अपनी भूमिका मजबूत करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज से दो प्रत्याशियों ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। इनमें से एक प्रत्याशी का नामांकन निरस्त होने के बाद उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होने का अवसर मिला।
ये भी पढ़ें: Raipur: छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की रेस में तोखन साहू का नाम सबसे आगे,सियासी गलियारों में तेज हुई हलचल
युवाओं की आवाज मजबूत करने का दावा
हनी बग्गा ने कहा कि वे संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने छत्तीसगढ़ के युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाने और युवा कांग्रेस संगठन को और मजबूत करने की बात कही। उन्होंने अपने निर्वाचन के लिए भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं, राष्ट्रीय नेतृत्व और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।

ये भी पढ़ें: Raipur: झीरम घाटी केस में फैसले से पहले कांग्रेस में हलचल,भूपेश बघेल ने NIA जांच पर उठाए सवाल
अब नजर प्रदेश अध्यक्ष के अंतिम परिणाम पर
युवा कांग्रेस के चुनाव में एक तरफ हनी बग्गा निर्विरोध प्रदेश उपाध्यक्ष बन चुके हैं, तो दूसरी तरफ प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला जारी है। ऐसे में अब सभी की नजर प्रदेश अध्यक्ष के अंतिम चुनाव परिणाम पर टिक गई है। अध्यक्ष पद का परिणाम सामने आने के बाद ही यह तस्वीर और साफ होगी कि युवा कांग्रेस की नई प्रदेश कार्यकारिणी में किस राजनीतिक खेमे का प्रभाव कितना मजबूत रहता है।




















