Raipur:छत्तीसगढ़ में बारिश का रौद्र रूप,22 जिलों में अलर्ट, सड़कें बनीं नदी पुलिया टूटी, नदी-नाले उफान पर

रायपुर/ बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय नजर आ रहा है। राजधानी रायपुर से लेकर बिलासपुर, बलरामपुर, सरगुजा और MCB तक कई इलाकों में तेज बारिश ने जनजीवन की रफ्तार थाम दी है। कहीं सड़कें पानी में डूबकर नदी का रूप ले चुकी हैं तो कहीं नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 6 जिलों में ऑरेंज और 15 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटे में सरगुजा और रायपुर संभाग के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है।

बिलासपुर में सड़कें बनीं नदी, जलभराव से मुश्किल
बिलासपुर और आसपास के इलाकों में तेज मानसूनी बारिश का असर साफ दिखाई दे रहा है। लगातार बारिश के बाद कई सड़कों पर पानी जमा हो गया है। कुछ स्थानों पर सड़कें पूरी तरह जलमग्न नजर आईं, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। निचले इलाकों में जलभराव ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। लगातार बारिश के बीच लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।
बलरामपुर में उफान पर नदी-नाले, कनहर नदी का जलस्तर बढ़ा
बलरामपुर जिले के रामानुजगंज क्षेत्र में पिछले चार दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। कनहर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिसके बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। बारिश का दौर जारी रहने से आसपास के इलाकों में जलस्तर बढ़ने और आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
Raipur: 2014 से पहले हाथ फैलाने को मजबूर थीं महिलाएं,अब बन रहीं लखपति दीदी
चांदो में 290 MM बारिश, बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड जैसा असर
बीते 24 घंटे में बलरामपुर के चांदो में 290 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा MCB के कोटाडोल में 168 मिमी, शंकरगढ़ में 120 मिमी और रायपुर शहर में 131 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।इन आंकड़ों से साफ है कि प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून का असर बेहद तेज रहा है।
MCB में बारिश से टूटी पुलिया, MP से संपर्क बाधित
लगातार बारिश ने MCB के कोटाडोल क्षेत्र में भी मुश्किल बढ़ा दी है। यहां खिरकी नाला की पुलिया टूट गई, जिसके कारण कोटाडोल को मध्यप्रदेश से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। पुलिया टूटने से स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है और मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया है।
मैनपाट बादलों से ढंका, रिमझिम बारिश से बदला मौसम का मिजाज
सरगुजा का मैनपाट इन दिनों बारिश के रंग में रंगा नजर आ रहा है। पूरा इलाका बादलों की चादर से ढका हुआ है और लगातार रिमझिम बारिश से मौसम सुहाना बना हुआ है। मैनपाट की पहाड़ियों और आसपास के इलाकों में बादलों और बारिश का खूबसूरत नजारा देखने को मिल रहा है।
आज 6 जिलों में ऑरेंज, 15 में यलो अलर्ट
छत्तीसगढ़ में आज मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 15 जिलों में यलो अलर्ट है। कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि, 2 सितंबर से प्रदेश में बारिश की तीव्रता कम होने के आसार बताए गए हैं।

रायपुर में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में भी आज मौसम करवट ले सकता है। 2 सितंबर को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 27°C और न्यूनतम तापमान 23°C के आसपास रहने का अनुमान है। लगातार बारिश के कारण राजधानी के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।
मानसून सीजन का कोटा पूरा होने के करीब छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में 1 जून से 31 अगस्त तक कुल 917.1 मिमी यानी 36.1 इंच बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 933.2 मिमी यानी 36.7 इंच मानी जाती है। इस लिहाज से प्रदेश में बारिश सामान्य से महज 16.1 मिमी यानी करीब 2% कम है। पूरे मानसून सीजन यानी जून से सितंबर तक छत्तीसगढ़ में औसतन 1132.3 मिमी यानी 44.6 इंच बारिश होती है। इस औसत आंकड़े तक पहुंचने के लिए सितंबर में करीब 215.3 मिमी यानी 8.5 इंच बारिश की जरूरत है।
Raipur: CGPSC- DMF मामले में ED ने 2 की गिरफ्तारी, पूछताछ में खुलेंगे करोड़ों के राज
सितंबर में देशभर में सामान्य से कम बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार सितंबर में देशभर में बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है। अनुमान के मुताबिक बारिश दीर्घकालिक औसत यानी LPA के 91% से कम रह सकती है। सितंबर में देशभर में सामान्य बारिश का आंकड़ा 167.9 मिमी माना जाता है। वहीं दिन का औसत तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है।
अगस्त में टूटा तापमान का रिकॉर्ड
अगस्त 2026 में देश का औसत तापमान 28.01°C रहा, जो 1901 के बाद अगस्त महीने में सबसे अधिक बताया गया है। अगस्त का सामान्य औसत तापमान 27.34°C है। इतना ही नहीं, अगस्त में रात का औसत तापमान भी 24.36°C दर्ज किया गया, जो 1901 के बाद सबसे ज्यादा रहा।




















