Raipur:छत्तीसगढ़ में मानसून का अटैक,अगले 5 दिन भारी बारिश का अलर्ट, रायपुर में बरसे बदरा

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह एक्टिव हो गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में देर रात से सुबह तक बारिश का दौर जारी रहा। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट पर बना कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई है। कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
ये भी पढ़ें: Raipur: सुकमा में नक्सलियों का बड़ा विस्फोटक डम्प बरामद, 8 किलो के दो टिफिन बम मिले
छत्तीसगढ़ में मानसून एक्टिव, 5 दिन बारिश का जोर
छत्तीसगढ़ में मानसून मेहरबान है। प्रदेश में बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट पर बना कम दबाव का क्षेत्र पूरी तरह सक्रिय है। यह मौसम सिस्टम समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अगले 48 घंटों में और मजबूत होने की संभावना है। इसके बाद सिस्टम के उत्तर ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ने का अनुमान है।
रायपुर में जमकर बरसे बदरा, आज भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह से मौसम बदला हुआ है। आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें: Raipur: छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का बढ़ता दायरा,10 नए केस से हड़कंप,मरीजों की संख्या 115 पहुंची
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज हवा-बिजली का खतरा
मौसम विभाग ने सुबह 10 बजे तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन इलाकों में यलो अलर्ट, हल्की बारिश की संभावना
वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, कोरिया और बलरामपुर में हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है। इन इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
ये भी पढ़ें: Raipur: रायपुर में 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, CCTV भी खंगाले
अगले 5 दिन बढ़ेगी बारिश की रफ्तार
मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर जिले में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है। प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य के आसपास रही है। बारिश में सामान्य से करीब 3 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
बलरामपुर में आसमान से बरसा पानी, 12-12 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटों में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। रघुनाथनगर और रामानुजगंज में 12-12 सेमी, जबकि राजपुर में 10 सेमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा कुसमी और चांदो में 9-9 सेमी, जनकपुर-भरतपुर और अंबिकापुर में 7-7 सेमी बारिश हुई। बलरामपुर में 6 सेमी, जबकि कर्तला, कोटाडोल, समरी, दरभा, गुंडरदेही, अर्जुन्दा, बालोद, गुरूर और धमतरी में 5-5 सेमी बारिश दर्ज की गई।
इन इलाकों में भी झमाझम बारिश
गरियाबंद, राजिम, सरागांव, कोरबा, हरदीबाजार, रतनपुर, दौरा कोचली, कांकेर, मगरलोड, कुकरेल, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर, पाली, सरौना और बड़े राजपुर में करीब 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के अधिकांश अन्य हिस्सों में इससे कम बारिश रिकॉर्ड की गई।




















