PlayBreaking News

कनाडा में खालिस्तानी आतंकी अर्शदीप डल्ला गिरफ्तार, हरदीप सिंह निज्जर का है सहयोगी

Follow on Google News
कनाडा में खालिस्तानी आतंकी अर्शदीप डल्ला गिरफ्तार, हरदीप सिंह निज्जर का है सहयोगी
ओटावा। भारत द्वारा आतंकवादी घोषित किए गए अर्शदीप सिंह गिल उर्फ ​​अर्श डल्ला को कनाडा के ओंटारियो प्रांत में गोलीबारी की घटना के बाद संभवत: गिरफ्तार कर लिया गया है। सूत्रों ने रविवार को यह दावा किया। अर्शदीप, हरदीप सिंह निज्जर का करीबी है। गोलीबारी की यह घटना 28 अक्टूबर को कनाडा के मिल्टन शहर में हुई थी। हैल्टन क्षेत्रीय पुलिस सेवा (एचआरपीएस) ने 29 अक्टूबर को कहा था कि उसने एक जांच के बाद, दो लोगों को गोलीबारी के आरोप में गिरफ्तार किया था। दोनों लोग एक अस्पताल गए थे और उनमें से एक गोली से जख्मी था, जिसे बाद में छुट्टी दे दी गई। एचआरपीएस ने उनकी पहचान का खुलासा नहीं किया और कहा कि दोनों आरोपियों को ‘‘जमानत की सुनवाई तक हिरासत में रखा गया है।''

कनाडा पुलिस की हिरासत में डल्ला

सूत्रों ने दावा किया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से एक का नाम अर्श डल्ला है, जो प्रतिबंधित खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) से जुड़ा हुआ है और पिछले साल जून में मारे गए आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की ओर से आतंकी मॉड्यूल चलाता था। हैल्टन पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘28 अक्टूबर 2024 की सुबह गुएल्फ पुलिस ने एचआरपीएस से संपर्क किया, जब दो व्यक्ति वहां एक अस्पताल में आए थे। उनमें से एक का इलाज किया गया और अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दूसरे व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई थी।'' हैल्टन पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘एचआरपीएस मेजर क्राइम ब्यूरो अब जांच कर रहा है और दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हैल्टन हिल्स के 25 वर्षीय व्यक्ति और सरे बीसी के 28 वर्षीय व्यक्ति, दोनों पर जानबूझकर गोलीबारी का आरोप है।'' पुलिस ने यह भी कहा कि वह घटना की सक्रियता से जांच कर रही है।

पंजाब पुलिस ने दो गुर्गों को किया गिरफ्तार

इससे पहले, रविवार को पंजाब पुलिस ने बताया कि मोहाली के खरड़ से डल्ला के गिरोह के दो सदस्यों को एक सिख कार्यकर्ता की हत्या में कथित रूप से संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया गया है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि यह गिरफ्तारी राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ, गैंगस्टर रोधी कार्य बल और फरीदकोट पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत की गई। दोनों की पहचान बरनाला के भदौड़ निवासी अनमोलप्रीत सिंह उर्फ ​​विशाल और खरड़ के निज्जर रोड निवासी नवजोत सिंह उर्फ ​​नीटू के रूप में हुई। पंजाब में लक्षित हत्याओं, आतंकवाद के वित्तपोषण और जबरन वसूली में शामिल होने के आरोपी अर्श डल्ला को पिछले साल जनवरी में भारत सरकार ने आतंकवादी घोषित किया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक अधिसूचना में कहा था कि वह बड़े पैमाने पर ड्रग्स और हथियारों की सीमा पार तस्करी में शामिल था। वह एनआईए द्वारा दर्ज और जांच किए गए विभिन्न मामलों में आरोपी है, जिनमें लक्षित हत्या, आतंकवाद के वित्तपोषण के लिए धन उगाही, हत्या का प्रयास, सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ना और पंजाब में लोगों के बीच आतंक पैदा करना शामिल है।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts