Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

लातूर में बाइक सवार को बचाने के चक्कर में पलटी बस, 38 यात्री घायल, CCTV में कैद हुआ भयानक एक्सीडेंट

लातूर में बाइक सवार को बचाने के चक्कर में पलटी बस, 38 यात्री घायल, CCTV में कैद हुआ भयानक एक्सीडेंट
लातूर। महाराष्ट्र के लातूर जिले में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नागपुर-रत्नागिरी राजमार्ग पर बाइक सवार को बचाने के प्रयास में राज्य परिवहन की एक बस पलट गई, जिससे कम से कम 38 यात्री घायल हो गए। इनमें से 6 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना सोमवार को दोपहर करीब 2 बजे चाकूर तहसील के नंदगांव पाटी के पास हुई। बस अहमदपुर से लातूर की ओर जा रही थी, तभी अचानक सामने आई एक बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ने बस मोड़ दी। अनियंत्रित बस सड़क पर पलट गई और कुछ दूर तक घिसटती चली गई।

48 यात्री सवार थे, कई गंभीर रूप से घायल

संभागीय यातायात अधिकारी संदीप पडवाल ने बताया कि बस में 48 यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और विद्यार्थी भी शामिल थे। कुछ विद्यार्थी परीक्षा देने जा रहे थे। हादसे में कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें एंबुलेंस और निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रशासन ने किया जांच के आदेश

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस काफी तेज गति से चल रही थी, जिससे चालक नियंत्रण नहीं संभाल सका और यह हादसा हो गया। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी रही। पुलिस और परिवहन विभाग ने इस दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे में घायलों का इलाज लातूर के अस्पतालों में जारी है। प्रशासन ने घायलों को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts