King Charles : ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स को हुआ कैंसर, PM मोदी ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना; बकिंघम पैलेस में ही डॉक्टरों ने शुरू किया इलाज

नई दिल्ली। ब्रिटेन के महाराजा किंग चार्ल्स को कैंसर हुआ है। बकिंघम पैलेस ने सोमवार को इसकी पुष्टि की। पैलेस ने अपने बयान में कहा, 75 साल के किंग चार्ल्स के बढ़े हुए प्रोस्टेट के इलाज के दौरान उनको कैंसर होने का पता चला है। बयान में ये नहीं बताया गया है कि किंग चार्ल्स को किस तरह का कैंसर है और शरीर के किस हिस्से में है। पैलेस ने यह भी कहा कि किंग चार्ल्स अपने ट्रीटमेंट को लेकर बेहद सकारात्मक हैं। वहीं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की है।
बकिंघम पैलेस ने दी जानकारी
पैलेस की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, किंग चार्ल्स की सभी पब्लिक मीटिंग्स को कुछ समय के लिए टाल दिया गया है। 75 साल के किंग चार्ल्स पिछले महीने ही तीन दिन के लिए अस्पताल में भर्ती थे। उनका प्रोस्टेट का ऑपरेशन हुआ था। उस समय उनके शरीर में किसी अन्य बीमारी के लक्षण दिखाई दिए थे, जिनकी जांच में पता चला कि उन्हें कैंसर है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया ट्वीट
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म X पर ट्वीट कर उनके जल्द ठीक होने की कामना की है। उन्होंने लिखा कि, मैं सभी देशवासियों के साथ किंग चार्ल्स III के जल्द ठीक होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे किंग चार्ल्स
पैलेस के जारी बयान के अनुसार, किंग चार्ल्स ने सोमवार को ही कैंसर का ट्रीटमेंट शुरू करवाया है। लेकिन वे हेड ऑफ स्टेट के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे। वे अपने सभी प्राइवेट मीटिंग्स को जारी रखेंगे।
पिता से मिलने जाएंगे प्रिंस हैरी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पिता को कैंसर होने की जानकारी मिलने के बाद वे उनसे मिलने के लिए ब्रिटेन आ सकते हैं। फिलहाल हैरी अपनी पत्नी मेगन मार्कल के साथ अमेरिका में रह रहे हैं।ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने जाना हाल
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, ' मैं किंग चार्ल्स के पूर्ण और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मुझे यकीन है कि वह जल्दी ही ठीक हो जाएंगे और पूरी ताकत के साथ वापस आएंगे। मैं ये भी जानता हूं कि पूरा देश उन्हें ठीक होने की शुभकामनाएं भेज रहा होगा।'












