अंतर्राष्ट्रीयताजा खबरराष्ट्रीय

दिल्ली में निर्माणाधीन इमारत की छत गिरी, 6 लोग घायल

नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के किराड़ी सुलेमान नगर में शुक्रवार को एक निर्माणाधीन इमारत की छत गिरने से छह लोग घायल हो गए। दमकल अधिकारियों ने बताया कि दोपहर 12 बजकर 25 मिनट पर घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद दमकल की तीन गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि किराड़ी सुलेमान नगर के फेज-2 के इंदर एन्क्लेव में इमारत की छत घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल के कारण गिर गई। मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घायलों में से चार की पहचान प्रेम नगर निवासी अखिलेश शाह (35), इंदर एन्क्लेव निवासी असर मोध (36), रियाजुद्दीन (42) और अमन (44) के रूप में हुई है।

आज की अन्य खबरें पढ़ें…

मणिपुर में उपद्रवियों ने 144 हथियार सरेंडर किए, अमित शाह की अपील के बाद लिया फैसला

नई दिल्ली। पिछले कुछ दिनों से हिंसा से जूझ रहे मणिपुर में शुक्रवार को उपद्रवियों ने बड़ी संख्या में अपने हथियार सुरक्षा बलों को सौंपे हैं। मणिपुर पुलिस के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अपील पर लोगों ने कई तरह के अत्याधुनिक 144 हथियार और 11 मैगजीन सुरक्षा बलों को सौंपे हैं। ये हथियार राज्य भर में अलग-अलग जगहों पर जमा कराए गए हैं। उल्लेखनीय है कि मणिपुर में जातीय गुटों में हिंसा के बाद अमित शाह ने इस सप्ताह राज्य का दौरा कर स्थिति की समीक्षा की थी। अपने दौरे के अंतिम दिन उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में राज्य के लोगों से अपने हथियार सुरक्षा बलों के पास जमा कराने की अपील की थी। साथ ही उन्होंने लोगों के पास से हथियारों की बरामदगी के लिए पुलिस को तलाशी अभियान चलाने का भी निर्देश दिया था। पुलिस के अनुसार, गृह मंत्री की अपील का असर हुआ है।

बोत्सवाना के उत्तर पूर्वी हिस्से में ट्रक और मिनी बस की टक्कर, 22 लोगों की मौत

गेबोरोने। दक्षिण अफ्रीकी शहर बोत्सवाना के उत्तर पूर्वी हिस्से में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रक और मिनी बस की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 22 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 7 अन्य लोग घायल हो गए। बोत्सवाना के उत्तरी पूर्वी हिस्से के एक वरिष्ठ अधिकारी अधीक्षक रॉबर्ट ममेसे ने बताया कि दुर्घटना को बोत्सवाना के दूसरे सबसे बड़े शहर फ्रांसिसटाउन में हुई। फिलहाल, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

संबंधित खबरें...

Back to top button