Jammu Kashmir Assembly Election : कांग्रेस ने घोषणा पत्र किया जारी, युवाओं को सरकारी नौकरी और किसानों को MSP

श्रीनगर। कांग्रेस पार्टी ने जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया। जिसमें किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए कई कल्याणकारी कदम उठाने का वादा किया गया है। घोषणापत्र- ‘हाथ बदलेगा हालात'- की मुख्य बातों में प्राकृतिक आपदाओं के खिलाफ सभी फसलों की बीमा का प्रावधान और सेब के लिए 72 रुपए प्रति किलोग्राम न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी शामिल है। ‘हाथ' कांग्रेस पार्टी का चुनाव चिह्न है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के मुख्य प्रवक्ता पवन खेड़ा और प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रमुख तारिक हमीद कर्रा ने यहां पार्टी मुख्यालय में घोषणा पत्र जारी किया। खेड़ा ने कहा- हम भूमिहीनों, जोतदार और भू-स्वामी कृषक परिवारों को प्रति वर्ष 4,000 रुपए की अतिरिक्त वित्तीय सहायता मुहैया कराएंगे। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में किसानों के लिए 100 प्रतिशत सिंचाई सुनिश्चित करने के लिए सभी जिला स्तरीय सिंचाई परियोजनाओं के लिए 2,500 करोड़ रुपए का कोष स्थापित किया जाएगा। घोषणा पत्र में, पार्टी ने जम्मू कश्मीर के योग्य युवाओं को एक साल के लिए 3,500 रुपए प्रति माह तक बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया गया है। पार्टी ने 30 दिनों के भीतर भर्ती कैलेंडर जारी कर एक लाख रिक्त सरकारी पदों को भरने का भी वादा किया है।
फिलीपींस में मंकीपॉक्स के तीन नए मामले, मरीजों की संख्या बढ़कर हुई 18
मनीला। फिलीपींस में मंकीपॉक्स के तीन नए मामले सामने आए हैं, जिससे इस साल अब तक देश भर में पुष्टि किए गए मामलों की संख्या 18 हो गई है। स्वास्थ्य सचिव टेओडोरो हर्बोसा ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 में से पांच मरीज ठीक हो गए हैं और इस बीमारी से किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है। हर्बोसा ने बताया कि मंकीपॉक्स के सभी तीन नए मरीज पुरुष थे और मेट्रो मनीला तथा आसपास के क्षेत्र से थे। उन्होंने कहा- अच्छी बात यह है कि सभी 18 मरीजों ने किसी को संक्रमित नहीं किया है। इन मरीजों ने अपने आइसोलेशन के दौरान वायरस नहीं फैलाए। गौरतलब है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 14 अगस्त को अफ्रीका के कई हिस्सों में मंकीपॉक्स के मामलों में वृद्धि के बाद इस प्रकोप को अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित कर दिया।












