ताजा खबरराष्ट्रीय

हिमाचल के बिलासपुर जिले में हादसा, अनियंत्रित होकर नाले में गिरी कार; दंपति की मौत, बेटा-बहू की हालत गंभीर

बिलासपुर। हिमाचल के जिला बिलासपुर में मटौर-शिमला नेशनल हाईवे पर हुए हादसे में दंपति की मौत हो गई, जबकि बेटा-बहू गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा सोमवार को बरमाणा थाना अंतर्गत देलग के पास हुआ। जहां कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। उधर, पुलिस ने हादसे की जांच में जुटी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सभी लोग कार (एचपी23बी-8217) में सवार होकर मार्कंडेय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जब वह बरमाणा के देलग के पास तीखे मोड़ पर पहुंचे तो चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई।

पुलिस ने मृतकों की पहचान सुभाष कुमार (57) पुत्र धनीराम व उनकी पत्नी रंजना देवी (55) निवासी गांव झज्जर डाकघर गेहड़वीं के रूप में हुई है। जबकि, अंकुश कुमार व उनकी पत्नी अंकिता कुमारी (22) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

आज की अन्य खबरें…

झांसी में अनियंत्रित होकर बस पलटी, कई यात्री घायल

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में सड़क हादसा हो गया है। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में प्राइवेट डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस सवार यात्री घायल हो गए। एसपी सदर (एसपी-सिटी) ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि गुजरात के सूरत से गोंडा जा रही बस सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पलट गई। जिस जगह पर दुर्घटना हुई, वहां पर तीव्र मोड़ है। मोड़ पर तेज गति बस को चालक संभाल नहीं पाया, इतना ही नहीं बल्कि वाहन में क्षमता से अधिक सवारियां सवार थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस पलटते ही चीख पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को दुर्घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

महाराष्ट्र के जालना में दिल दहला देने वाली घटना, पिता ने दो बेटी और एक बेटे को कुएं में फेंककर मार डाला

जालना। महाराष्ट्र के जालना जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पिता ने अपनी दो बेटी और 12 वर्षीय एक बेटे को कुएं में फेंककर कथित तौर पर मार डाला। पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी संतोष धोंडीराम तकवाले ने रविवार को पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी के मुताबिक, तकवाले ने अपने बेटे सोहम और बेटी शिवानी (8 वर्ष) और दीपाली (7 वर्ष) को अंबाद तहसील के डोमेगांव गांव में स्थित एक कुएं में कथित तौर पर फेंक दिया।

अंबाद थाने के निरीक्षक रघुनाथ नाचन ने बताया कि मरने वाले बच्चे तकवाले की पहली पत्नी के थे, जिसकी मृत्यु हो गई थी और आरोपी ने दूसरी शादी कर ली थी। मामला दर्ज कर अपराध के मकसद का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, छत्रपति संभाजी नगर के कचनेर गांव का रहने वाला आरोपी एक होटल में काम करता था और सप्ताहांत पर बच्चों के साथ डोमेगांव पहुंचा था। आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर हत्याओं की जानकारी दी और बाद में फोन बंद कर दिया।

यूपी के मुजफ्फरनगर में निर्माणाधीन मकान की छत गिरी, दो मजदूरों की मौत; 17 घायल

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक निर्माणाधीन मकान की छत गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना जानसठ थाना क्षेत्र के तालदा गांव में रविवार को हुई। तब मजदूर घर के अंदर काम कर रहे थे। फंसे हुए सभी 19 मजदूरों को बाहर निकाला गया। इनमें से दो को मृत घोषित कर दिया गया, बाकी 17 का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की पहचान मोहित (30) और पीयूष (28) के रूप में हुई है। घटना का संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को घायलों के लिए सर्वोत्तम संभव इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस संबंध में पुलिस ने इमारत के मालिक और ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लापरवाही बरतने और जैक के जरिए लिंटर को ऊपर उठाने के अवैध प्रयास के लिए 73 जैक और 10 लकड़ी के गुटके जब्त किए हैं।

संबंधित खबरें...

Back to top button