ताजा खबरराष्ट्रीय

People’s Update LIVE : कुल्लू में बड़ा हादसा, बेकाबू होकर कार गहरी खाई में गिरी; चार की मौत

शिमला। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुलिस थाना आनी के अंतर्गत राणाबाग-करशाला मार्ग पर चोईनाला के पास कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में चार लोग सवार थे। हादसे में चारों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू करने में जुट गई। मृतकों की पहचान सुरेंद्र कुमार चालक (40) पुत्र धर्म चन्द, सुशील कुमार (36) पुत्र मनसा राम, बीर सिंह (43) पुत्र मोती राम, संजीव कुमार (34) पुत्र रोशन लाल निवासी खनेरी आनी जिला कुल्लू के रूप में हुई है। फिलहाल, अभी तक हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दुर्घटना का कारण निर्धारित करने के लिए जांच चल रही है।

जानकारी के मुताबिक, अन्नी वैली समुदाय इस अचानक हुए नुकसान से दुखी है। अधिकारी इस त्रासदी के कारण का पता लगाने के लिए काम कर रहे हैं। शवों को कड़ी मशक्कत के बाद कार से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के बाद उनके रिश्तेदारों को सौंप दिया गया।

आज की अन्य खबरें…

जबलपुर में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सड़क पार कर रहे दो छात्रों को रौंदा, मौत

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। तिलवारा थाना क्षेत्र में रमनगरा के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सड़क पार कर रहे दो छात्रों को रौंद दिया। इस हादसे में दोनों की मौके पर मौत हो गई। जबकि, छात्रों के दो साथी बाल-बाल बच गए। घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। पुलिस के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब चारों छात्र स्कूल से रमनगरा स्थित घर जा रहे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।

लोकसभा चुनाव के लिए सपा की एक और लिस्ट जारी, कौशांबी और कुशीनगर से उम्मीदवारों का किया ऐलान

लखनऊ। विपक्षी ‘I.N.D.I.A’ गठबंधन में शामिल समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश की कौशांबी और कुशीनगर लोकसभा सीट के लिए शुक्रवार को अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। सपा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्‍स’ पर अपने आधिकारिक हैंडल से शुक्रवार को दो उम्मीदवारों की सूची साझा की। इसके अनुसार कौशांबी (आरक्षित) से पुष्‍पेन्‍द्र सरोज और कुशीनगर से अजय प्रताप सिंह उर्फ पिंटू सैंथवार को उम्मीदवार घोषित किया गया है। पुष्पेंद्र सपा के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज के पुत्र हैं। इंद्रजीत सरोज कौशांबी जिले के मंझनपुर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।

कौशांबी में लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होगा। इस सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने मौजूदा सांसद विनोद सोनकर को फिर से उम्मीदवार बनाया है। कुशीनगर में सातवें चरण में एक जून को मतदान होगा और इस सीट पर सपा ने पिंटू सैंथवार को भारतीय जनता पार्टी के सांसद विजय कुमार दुबे के मुकाबले मैदान में उतारा है। पिंटू सैंथवार 2022 में देवरिया विधानसभा सीट से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। उनके पिता दिवंगत जन्मेजय सिंह भाजपा से देवरिया के विधानसभा सदस्य रहे हैं।

सीतापुर में दरोगा ने की आत्महत्या, सर्विस रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली

सीतापुर उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में मछरेहटा में तैनात एक दरोगा ने शुक्रवार को सर्विस रिवॉल्वर से गोली मार कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि दिन में करीब 10 बजे दरोगा मनोज कुमार ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। पुलिस कर्मियों ने थाना परिषद के पीछे देखा कि दरोगा घायल पड़े हैं उन्हें तत्काल मछरेहटा अस्पताल ले जाया गया। उनकी गंभीर व्यवस्था को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय उपचार के लिए भेजा, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसपी चक्रेश मिश्रा ने बताया कि दरोगा मनोज कुमार (55) हल्का नंबर चार में तैनात थे। मृतक जलाल कल्याणपुर जिला फतेहपुर के निवासी थे। एसपी ने बताया कि एएसपी को घटना के संबंध में जांच के लिए निर्देश दिया गया है। पुलिस मामले की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बुजुर्ग का शव मिला, मामले की जांच में जुटी पुलिस

बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी फैल गई। कोतवाली नगर थाना अंतर्गत शुक्रवार को वृद्ध का शव रास्ते में पड़ा मिला। पुलिस ने बताया कि मवई बुजुर्ग गांव में एक व्यक्ति का शव रास्ते में पड़ा होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस अधिकारी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव की शिनाख्त मवई बुजुर्ग गांव के ही 65 वर्षीय रणधीर सिंह के रूप में की गई। अब तक मृतक के परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं मिली। मृतक के शव में चोटों के निशान भी नहीं पाए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक के परिजनों द्वारा तहरीर मिलने के बाद विस्तृत जांच की जाएगी।

संबंधित खबरें...

Back to top button