Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

महाकाल मंदिर में रंगपंचमी पर रंग-गुलाल बैन, आग की घटना के बाद कलेक्टर ने जारी किया आदेश

महाकाल मंदिर में रंगपंचमी पर रंग-गुलाल बैन, आग की घटना के बाद कलेक्टर ने जारी किया आदेश
उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में 30 मार्च को रंगपंचमी के दौरान भक्तों को बाहर से रंग लाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने यह फैसला होली पर गर्भगृह में आग लगने की घटना के बाद लिया है। इसके लिए मंगलवार को गाइडलाइन भी जारी की गई। बता दें कि सोमवार सुबह भस्म आरती के दौरान मंदिर के गर्भगृह में आग लगने से सेवकों सहित 14 पुजारी झुलस गए थे। उज्जैन जिला कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने बताया, होली के साथ-साथ रंगपंचमी पर महाकालेश्वर मंदिर में रंगों का त्योहार भी मनाया जाता है। हमने फैसला किया है कि श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति रंगपंचमी पर 'टेसू' (पलाश) के फूलों से बने हर्बल रंग की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि रंगपंचमी पर किसी भी श्रद्धालु को बाहर से मंदिर परिसर में रंग लाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही रंगपंचमी पर सुबह होने वाली भस्म आरती के दौरान भक्तों की संख्या भी नियंत्रित की जाएगी।

आज की अन्य खबरें...

ओडिशा में होली का जश्न मनाने के बाद तालाब में तीन छात्र डूबे, नहाते समय हुआ हादसा

भुवनेश्वर। ओडिशा के कटक, जगतसिंहपुर और बालासोर जिले में होली का जश्न मनाने के बाद तालाब में नहाते समय तीन छात्र डूब गए। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि कटक में करमुआं गांव में 12वीं कक्षा का एक छात्र तालाब में डूब गया, जबकि जगतसिंहपुर में कटकुला गांव में नहाते समय एक नाबालिग की मौत हो गई। रिपोर्ट के अनुसार, होली खेलने के बाद बालासोर के सोरो में एक 10 वर्षीय लड़का डूब गया। पुलिस ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

राजस्थान में बस और कार की भिड़ंत, दंपति सहित 4 की मौत; एक घायल

जयपुर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रोडवेज बस और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिससे कार सवार दंपति सहित चार लोगों की मौत हो गई और एक महिला घायल हो गई। चूनावढ़ पुलिस थाने के उप निरीक्षक राजीव रायल ने बताया कि यह घटना ततारसर गांव के पास की है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान पंजाब निवासी सूरजवीर (32), उनकी पत्नी मनदीप कौर (32), बेटी वाणी (एक), उनकी मां कुलदीप कौर (55) के रूप में हुई है। सूरजवीर की बहन मनवीर कौर घायल हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए श्रीगंगानगर रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि कार सवार परिवार के पांचों लोग पंजाब के मोगा से अपने परिचितों से मिलने के लिए पदमपुर आए थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है। परिवार वालों के यहां पहुंचने पर पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पंजाब के होशियारपुर में पुलिस के साथ मुठभेड़ में नशा तस्कर मारा गया, आरोपी ने छापा मारने गई टीम पर किया था हमला

होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर जिले में दासुया में पुलिस के साथ मुठभेड़ में मंगलवार सुबह एक संदिग्ध नशा तस्कर मारा गया, जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। होशियारपुर एसपी (जांच) सरबजीत सिंह बहिया ने बताया कि दासुया की पुलिस टीम ने सुच्चा सिंह (50) के घर छापेमारी की थी। इस दौरान सुच्चा सिंह ने पुलिस पार्टी पर फावड़े और गंडासे से हमला कर दिया, जिसमें सहायक उप निरीक्षक सतनाम सिंह और हेड कांस्टेबल गुरविंदर सिंह घायल हो गए। पुलिस ने तब आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें सुच्चा सिंह मारा गया। घायल पुलिसकर्मियों को दासुया के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि सुच्चा सिंह अपने घर से हेरोइन बेचता था।
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts