Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अशोक नगर में दिल दहला देने वाली घटना, महिला ने चार बेटियों के साथ खाया जहर; पति करता था मारपीट

अशोक नगर में दिल दहला देने वाली घटना, महिला ने चार बेटियों के साथ खाया जहर; पति करता था मारपीट
अशोक नगर। मध्य प्रदेश के अशोक नगर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चंदेरी के शंकरपुर गांव में एक महिला ने चार बेटियों के साथ जहर खा लिया। स्थानीय लोगों ने हालत बिगड़ने पर सभी को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मां और एक बेटी की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, महिला ने 3 साल के बेटे का जहर नहीं दिया था। जानकारी के मुताबिक, महिला का नाम रश्मि यादव (37) है। रश्मि के पति की मानसिक स्थिति कुछ दिनों से ठीक नहीं है, वह महिला के साथ मारपीट भी करता है। जिससे परेशान होकर महिला ने अपनी चार बेटियों को जहर दे दिया और फिर खुद भी कीटनाशक पी लिया।

आज की अन्य खबरें...

फिरोजाबाद में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, 14 साल बाद पकड़ाया; पहचान छिपाकर आंध्र प्रदेश में हुआ अंडर ग्राउंड

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद के थाना दक्षिण पुलिस एवं एसओजी टीम ने शनिवार को एक इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। बदमाश 14 साल से गैंगस्टर व सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में फरार चल रहा था। पुलिस ने बताया कि थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की टीम ने इनामी बदमाश पर शिकंजा कसा। टीम को बदमाश के बारे में मुखबिर से जानकारी मिली जिसके बाद उसे रेलवे स्टेशन माल गोदाम के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार बदमाश विजय सिंह पुत्र रामस्वरूप निवासी मालवीय नगर बताया जा रहा है। वह 2010 से फरार चल रहा था। न्यायालय में हाजिर न होने पर पच्चीस सौ रुपया इनाम रखा गया था। उसके बाद भी वह हाजिर नहीं हुआ। उसके बाद उस पर 2011 में 25 हजार रुपया इनाम रखा गया। पुलिस ने बताया कि विजय आन्ध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में रहकर चूड़ी का व्यापार कर रहा था। वह व्यापार के संबंध में फिरोजाबाद आया हुआ था। तभी जानकारी मिलने पर थाना पुलिस ने आज उसे गिरफ्तार कर लिया, जिसे वैधानिक कार्रवाई के बाद जेल भेजा जाएगा।

आगर जिले के सुसनेर में हादसा, बेकाबू होकर स्कूल वैन डिवाइडर से टकराई; 12 बच्चे घायल

आगर। मध्य प्रदेश के आगर जिले में शनिवार को सड़क हादसा हो गया। सुसनेर में स्कूल वैन बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में वैन में सवार 12 बच्चे घायल हो गए। ड्राइवर और कंडक्टर को भी चोट आई है। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक, सभी बच्चे सरस्वती शिशु विद्या मंदिर से घर लौट रहे थे। तभी शहर के पुराने पेट्रोल के पास वाहन डिवाइडर से टकरा गया और हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ओडिशा को 68 हजार करोड़ रुपए की सौगात, पीएम मोदी ने 18 परियोजनाओं का उद्घाटन किया

संबलपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को 68 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। संबलपुर स्थित भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) में 400 करोड़ रुपये के स्थायी परिसर के उद्घाटन के अलावा पीएम मोदी ने ऊर्जा, सड़क और रेलवे जैसे अलग-अलग क्षेत्रों की कई परियोजनाओं का उद्धघाटन किया। मोदी ने वर्ष 2021 में आईआईएम परिसर का शिलान्यास किया था। राज्य में 18 परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद, प्रधानमंत्री ने कहा- ‘‘ये परियोजनाएं ओडिशा के युवाओं को फायदा पहुंचाएगी और रोजगार के अवसर पैदा करेंगी। केंद्र हर क्षेत्र में ओडिशा का समर्थन करती है।'' पीएम मोदी ने पुरी-सोनेपुर-पुरी साप्ताहिक एक्सप्रेस को हरी झंडी भी दिखाई, जो क्षेत्र में ट्रेनों की आवाजाही को बेहतर बनाएगी। इसके अलावा, मोदी ने झारसुगुडा प्रधान डाकघर विरासत भवन को भी राष्ट्र को समर्पित किया। मोदी ने जगदीशपुर-हल्दिया और बोकारो-धामरा पाइपलाइन परियोजना (जेएचबीडीपीएल) के 412 किलोमीटर लंबे धामरा-अंगुल पाइपलाइन खंड का भी उद्घाटन किया। 'प्रधानमंत्री ऊर्जा गंगा' के तहत लगभग 2,450 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित यह परियोजना ओडिशा को राष्ट्रीय गैस ग्रिड से जोड़ेगी। कार्यक्रम में, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, राज्यपाल रघुबर दास और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, अश्विनी वैष्णव तथा बिशेश्वर टुडू भी मौजूद थे।
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts