ताजा खबरराष्ट्रीय

बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष पद से अधीर रंजन ने दिया इस्तीफा, लोकसभा चुनाव में हार के बाद पार्टी का एक्शन

पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव में करारी हार का सामने करने के बाद कांग्रेस पार्टी ने बड़ा एक्शन लिया है। बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष पद से अधीर रंजन ने इस्तीफा दे दिया है। इस बात की जानकारी खुद कांग्रेस महासचिव और पश्चिम बंगाल में पार्टी प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने दी है। बता दें कि, सोमवार को अधीर रंजन चौधरी समेत पश्चिम बंगाल के कई नेताओं की कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ मीटिंग हुई थी। कयास लगाए जा रहे हैं कि इसी मीटिंग के दौरान अधीर रंजन चौधरी को बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाने का फैसला लिया गया था।

आज की अन्य खबरें…

यशश्री शिंदे हत्याकांड का मुख्य आरोपी दाऊद शेख कर्नाटक से गिरफ्तार

ठाणे। नवी मुंबई के उरण रेलवे स्टेशन के पास यशश्री शिंदे नाम की युवती का शव मिलने के दो दिन बाद पुलिस ने उसकी हत्या के आरोप में कर्नाटक से दाऊद शेख को गिरफ्तार किया है। बीते 25 जुलाई को नवी मुंबई के उरन पुलिस स्टेशन में यशश्री  शिंदे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए खोजबीन शुरू की थी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि महिला का शव शनिवार (27 जुलाई) को करीब दो बजे मिला और शुक्रवार (26 जुलाई) दोपहर को उसकी हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस के मुताबिक, बेलापुर में काम करने वाली पीड़िता ने शुक्रवार को आधे दिन की छुट्टी ली थी। मृतक महिला की आयु 20 वर्ष थी। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और आरोपी का पता लगाने के लिए तीन टीमें बनाई गईं। पुलिस ने पहले बताया कि अपराध शाखा ने भी मामले की स्वतंत्र रूप से जांच की।

बिजनौर में आवारा पशु से टकराई बाइक, दो कांवड़ियों की मौत, गंगाजल लेने हरिद्वार जा रहे थे

बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में दर्दनाक हादसा हो गया। रेहड़ थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक आवारा पशु से टकरा जाने से बाइक सवार दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार ने बताया कि वादीगढ़ के पास हादसा हुआ है। तेज रफ्तार से बाइक आ रही थी। इस हादसे में बाइक सवार तीन कांवड़िये- शिवम शर्मा (24), महेश पाल (27) और गब्बर गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों कांवड़ियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने शिवम और महेश को मृत घोषित कर दिया। मरने वाले दोनों कांवड़िये पीलीभीत जिले के निवासी थे, जबकि उनका घायल साथी लखीमपुर का रहने वाला है। तीनों गंगा जल लेने के लिए हरिद्वार जा रहे थे।

मणिपुर में भूस्खलन से महिला और बेटे की मौत, पति गंभीर

फाइल फोटो

इंफाल। मणिपुर में तामेंगलोंग जिले के डिमथानलॉन्ग गांव में भूस्खलन की वजह से एक महिला और उसके बेटे की मौत हो गई। पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि रिंग्सिनलुंग काहमेई सोमवार रात अपने परिवार के साथ घर में थे, जब भारी बारिश की वजह से भूस्खलन हुआ। घर में मौजूद सभी लोग भूस्खलन की चपेट में आ गए। रिंग्सिनलुंग की हालत गंभीर है और उन्हें इलाज के लिए इंफाल ले जाया गया है।

संबंधित खबरें...

Back to top button