Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ब्राजील में प्लेन क्रैश : एक मिनट में 17 हजार फीट नीचे गिरा, 62 लोगों की मौत; साओ पाउलो के विन्हेडो शहर में हुआ हादसा

ब्राजील में प्लेन क्रैश : एक मिनट में 17 हजार फीट नीचे गिरा, 62 लोगों की मौत; साओ पाउलो के विन्हेडो शहर में हुआ हादसा
साओ पाउलो। ब्राजील के साओ पाउलो राज्य के विन्हेडो शहर में एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान सवार 62 लोगों की मौत हो गई। इसमें 58 यात्री और 4 क्रू मेंबर थे। क्रैश से पहले विमान के अगले हिस्से से धुआं निकलता देखा गया। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वोएपास एयरलाइन ने कहा कि, साओ पाउलो के इंटरनेशनल एयरपोर्ट ग्वारूलहोस के लिए रवाना हुआ प्लेन क्रैश हो गया। दुर्घटना कैसे हुई, यह पता नहीं चल पाया है। हादसे का शिकार हुए प्लेन का रजिस्ट्रेशन PS-VPB एक ATR 72-500 है। इसमें कुल 74 लोग सवार हो सकते हैं। हालांकि, रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि क्रैश होने के टाइम प्लेन में 62 लोग थे।

रिहायशी इलाके में गिरा प्लेन

एयरलाइन वोएपास ने एक बयान में पुष्टि की है कि, साओ पाउलो के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे ग्वारूलहोस के लिए उड़ान भरने वाला एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसमें 58 यात्री और 4 चालक दल के सदस्य सवार थे। बयान में दुर्घटना का कारण नहीं बताया गया है। सिविल सिक्योरिटी डिपार्टमेंट ने बताया कि, प्लेन रिहायशी इलाके में गिरा। इससे एक आवासीय घर को नुकसान पहुंचा है। कॉन्डोमिनियम कॉम्प्लेक्स में केवल एक घर को नुकसान हुआ, लेकिन कोई भी निवासी घायल नहीं हुआ है। विमान कास्केवेल से रवाना हुआ था और साओ पाओलो के रास्ते में था। ब्राजील के समय के मुताबिक दोपहर 1 बजकर 30 मिनट पर उसका सिग्नल गायब हो गया। सामने आए वीडियो में प्लेन तेजी से नीचे की ओर गिरते हुए दिखाई दे रहा है। जिसके बाद उसके आगे के हिस्से से धुआं निकलता है और प्लेन में आग लग जाती है। वीडियो में प्लेन पेड़ों वाले इलाके में गिरता दिख रहा है। विमान क्रैश होने के बाद धुएं का गुबार उठता भी देखा गया। देखें वीडियो...

एक मिनट में 17 हजार फीट नीचे गिरा प्लेन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा से पता चला कि दुर्घटना से डेढ़ मिनट पहले विमान ने ऊंचाई पर जाना छोड़ दिया था। स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर 1:21 बजे तक विमान 17 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसके बाद वह महज 10 सेकंड में करीब 250 फीट नीचे गिर गया। अगले आठ सेकंड में लगभग 400 फीट ऊपर चला गया। 8 सेकंड बाद 2 हजार फीट नीचे की ओर, फिर वह लगभग उतनी ही तेजी से नीचे गिर गया। महज एक मिनट में ही यह करीब 17 हजार फीट नीचे गिर गया और इसमें आग लग गई।

राष्ट्रपति ने जताया दुख

हादसे की सूचना मिलने पर दक्षिणी ब्राजील में एक कार्यक्रम में ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला दा सिल्वा ने एक मिनट का मौन रखने की अपील की। राष्ट्रपति लुइज इनसियो लूला दा सिल्वा ने कहा कि, शायद प्लेन में सवार यात्रियों में से कोई जिंदा नहीं बचा।उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, 'बहुत दुखद खबर है। पीड़ितों के परिवारों और दोस्तों के प्रति मेरी पूरी एकजुटता है।' ये भी पढ़ें- इराक में 18 की जगह 9 साल की उम्र में हो जाएगी लड़कियों की शादी, विरोध शुरू
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts