Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

महाकुंभ के श्रद्धालुओं को रिझा रहे मप्र के सरहदी पर्यटन स्थल

एमपी की ब्रांडिंग कर रहा यूपी टूरिज्म , प्रयागराज से पन्ना, खजुराहो, बांधवगढ़ के बनाए पैकेज
महाकुंभ के श्रद्धालुओं को रिझा रहे मप्र के सरहदी पर्यटन स्थल
नरेश भगोरिया भोपाल। प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में देश-विदेश के लाखों श्रद्धालु पुण्य की डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं। इस मौके पर उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के पर्यटन विभाग ने श्रद्धालुओं को आकर्षित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। दोनों राज्य अपने पर्यटन केंद्रों की ब्रांडिंग तो कर ही रहे हैं, लेकिन मप्र के लिए एक अच्छी बात यह है कि उप्र पर्यटन विभाग मप्र के कई पर्यटन केंद्रों की खासियत को प्रदर्शित कर रहा है। यूपी टूरिज्म ने प्रयागराज से मप्र के पन्ना, बांधवगढ़, खजुराहो जैसे कई पर्यटन केंद्रों के लिए खास पैकेज तैयार किए हैं। इनमें मप्र के बारे में विस्तार से बताया गया है। सिर्फ 7 घंटे की यात्रा : उप्र टूरिज्म ने जो पैकेज बनाए हैं, उनमें दर्शाया गया है कि प्रयागराज से कुछ घंटों की दूरी तय कर मप्र के खास पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया जा सकता है। ऐसे पैकेज तैयार किए गए हैं, जिनमें 6 से 10 लोगों के समूह की यात्रा, रात्रि विश्राम आदि का प्रबंध किया जा रहा है।

कहां के लिए क्या हैं पैकेज

पन्ना और खजुराह

टूर पैकेज : 3 दिन 2 रात, 6 लोगों के लिए चार्ज 55,000 रु. पर्यटकों को बताया जा रहा है कि पन्ना नेशनल पार्क को 2007 में भारत के पर्यटन मंत्रालय द्वारा देश के सर्वश्रेष्ठ रखरखाव वाले राष्ट्रीय उद्यान के रूप में उत्कृष्टता पुरस्कार दिया गया था। यहां पाए जाने वाले जानवरों में बाघ, तेंदुआ, चीतल, चिंकारा, नीलगाय, सांभर आदि हैं। इसके साथ ही चंदेल राजाओं द्वारा बनवाए गए खजुराहो के विश्व प्रसिद्ध मंदिर की जानकारी भी दी जा रही है। विश्वप्रसिद्ध खजुराहो मंदिर देखने के लिए न केवल देश बल्कि विदेशी पर्यटक भी उत्सुक रहते हैं।

बांधवगढ़ नेशनल पार्क

टूर पैकेज : 2 दिन एक रात, 6 लोगों के लिए चार्ज 40,662 रु. बांधवगढ़ नेशनल पार्क अपने रॉयल बंगाल टाइगर के लिए प्रसिद्ध है। वन क्षेत्र, बाघों के अलावा विभिन्न प्रकार के वनस्पतियों और अन्य कई वन्य प्राणियों को यहां देखा जा सकता है।

धार्मिक नगरी मैहर

टूर पैकेज : एक दिन, 6 लोगों के लिए चार्ज 15000 रु. प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मैहर, प्रयागराज से सिर्फ 4 घंटे की यात्रा कर पहुंचा जा सकता है। सतना जिले में स्थित इस मंदिर में देवी शारदा की मूर्ति स्थापित है। महाकुंभ के दौरान प्रयागराज और उप्र से मप्र आने वाले अतिथियों के स्वागत के लिए हम तैयार हैं। उत्तर पूर्वी मप्र में पर्यटक वाइल्ड लाइफ के साथ हेरिटेज को देख सकते हैं। खजुराहो के मंदिर हो या फिर मुकुंदपुर सफारी या मैहर में देवी शारदा का मंदिर हर जगह अच्छी व्यवस्थाओं के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। बिदिशा मुखर्जी, एडिशनल एमडी, एमपी टूरिज्म प्रयागराज पहुंचने वाले पर्यटकों को मप्र के पर्यटन केंद्रों के बारे में बताया जा रहा है। महाकुंभ शुरू होते ही हमने पन्ना के लिए टूर बुक किए हैं। कई पर्यटक खजुराहो जाने के लिए भी पूछताछ कर रहे हैं। प्रकाश सिंह, केंद्र प्रमुख, यूपी टूरिज्म, प्रयागराज
People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts