भोपालमध्य प्रदेश

कांग्रेस नेता पटेरिया का विवादित बयान: पहले बोले- मोदी की हत्या के लिए तत्पर रहो, अब कहा- फ्लो में निकल गया था…

मध्य प्रदेश में कांग्रेस नेता राजा पटेरिया ने एक सभा के दौरान पीएम मोदी को लेकर विवादित बयान दिया है। इसमें वे कथित तौर पर ‘पीएम मोदी की हत्या’ की बात कह रहे हैं। इसको लेकर प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पटेरिया के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। वहीं विवादित वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस नेता ने अब सफाई देते हुए अपना वीडियो जारी किया है।

राजा पटेरिया का विवादित बयान

राजा पटेरिया का कथित तौर पर जो वीडियो सामने आया है। उसमें वे कुछ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहते नजर आ रहे हैं कि, मोदी चुनाव खत्म कर देगा, मोदी धर्म, जाति, भाषा के आधार पर बांट देगा, दलितों का आदिवासियों का और अल्पसंख्यकों का जीवन खतरे में है। अगर संविधान को बचाना है तो मोदी की हत्या करने के लिए तैयार रहो। हालांकि, बाद में वे कहते हैं कि हत्या मतलब हार।

राजा ने अपने बयान पर दिया स्पष्टीकरण

विवादित बयान का वीडियो वायरल होने के बाद उन्होंने अब इस पर सफाई दी है। स्पष्टीकरण देते हुए पटेरिया ने कहा है कि, वे गांधी को मानने वाले हैं और गांधी को मानने वाला हत्या की बात नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि, उनका मतलब अगले चुनाव में बीजेपी को हराने से था। यह फ्लो में हुआ, वीडियो गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है। ये वीडियो एडिट किया गया है, मेरा वो मतलब नहीं था। मेरे बयान को तोड़कर पेश किया गया। पटेरिया ने ये बयान कुछ दिन पहले दिया था, इसका वीडियो अब वायरल हो रहा है।

गृह मंत्री ने दिए FIR के निर्देश

कांग्रेस के पूर्व मंत्री राजा पटेरिया के पीएम को लेकर दिए आपत्तिजनक बयान पर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने FIR के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि, पटेरिया जी के बयानों को मैंने सुना, उससे स्पष्ट होता है कि यह महात्मा गांधी की कांग्रेस नहीं है। यह इटली की कांग्रेस है और इटली की मानसिकता मुसोलिनी की है। उन्होंने कहा कि मैंने एसपी को इस मामले में तत्काल FIR के निर्देश दिए हैं।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ में साजिशों की तैयारी हुई: शर्मा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि, पूर्व मंत्री राजा पटेरिया द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की हत्या के लिए जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उकसाना बेहद गंभीर और निंदनीय है। क्या हाल ही में मध्य प्रदेश से निकली राहुल गांधी की ‘भारत तोड़ो यात्रा’ में इस साजिश की तैयारी हुई है? उन्होंने कहा कि इसकी जांच होनी चाहिए।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

 

संबंधित खबरें...

Back to top button