Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बीजू जनता दल ने राज्यसभा सदस्य सुजीत कुमार को पार्टी से निकाला, सांसद ने सदन से दिया इस्तीफा, जानें त्यागपत्र में क्या लिखा

बीजू जनता दल ने राज्यसभा सदस्य सुजीत कुमार को पार्टी से निकाला, सांसद ने सदन से दिया इस्तीफा, जानें त्यागपत्र में क्या लिखा
नई दिल्ली/भुवनेश्वर। बीजू जनता दल (बीजद) ने शुक्रवार को अपने राज्यसभा सदस्य सुजीत कुमार को ‘दल विरोधी गतिविधियों' के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। पार्टी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि कुमार को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण तत्काल प्रभाव से बीजद से निष्कासित किया गया है। जिस पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा, उसी पार्टी को उन्होंने निराश किया है। उन्होंने कालाहांडी जिले के लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं पर भी कुठाराघात किया है।

सुजीत कुमार ने त्यागपत्र में लिखा ?

सुजीत कुमार साल 2020 से राज्यसभा के सदस्य थे और वर्तमान में राज्यसभा की याचिका समिति के अध्यक्ष भी थे। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ को भेजे गए अपने इस्तीफे में कुमार ने कहा कि उन्होंने यह फैसला ‘सोच-समझकर' लिया है। उन्होंने त्यागपत्र में लिखा- मैं इस अवसर पर सदन में सार्वजनिक महत्व के मुद्दों और अपने राज्य ओडिशा के मुद्दों को उठाने की खातिर मुझे प्रदान किए गए अवसरों के लिए आपका आभार व्यक्त करता हूं।

सुजीत कुमार का इस्तीफा मंजूर

उपराष्ट्रपति कार्यालय ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने तत्काल प्रभाव से सुजीत कुमार का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। उपराष्ट्रपति, राज्यसभा का पदेन सभापति होता है। सुजीत कुमार ने ओडिशा सरकार की विशेष विकास परिषद (एसडीसी) के मुख्य सचिव के सलाहकार के रूप में और ओडिशा राज्य योजना बोर्ड के विशेष सचिव के रूप में भी कार्य किया। बता दें कि कुछ दिन पहले ही ओडिशा की कुडुमी समुदाय की नेता ममता मोहंता ने राज्यसभा और बीजद से इस्तीफा दे दिया था। वह हाल ही में भाजपा के सदस्य के रूप में संसद के ऊपरी सदन के लिए निर्विरोध चुनी गईं।
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts