
पेशावर। पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को एक मकान पर मोर्टार गोले फटने से एक ही परिवार के चार बच्चों और एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि अफगानिस्तान सीमा से सटे दक्षिण वजीरिस्तान जनजातीय जिले में लड्ढा तहसील के शाकटोई साहीखेल इलाके में स्थित इस मकान में रहने वाले दो अन्य लोग भी घायल हुए। पुलिस ने बताया कि घायलों को तत्काल एक नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक किसी अज्ञात स्थान से मोर्टार गोला दागा गया था जो उस मकान पर आ गिरा। फिलहाल, पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है।
आज की अन्य खबरें…
उत्तर प्रदेश में मन्नत पूरी नहीं होने पर मंदिर से युवक ने शिवलिंग चुराया, गिरफ्तार
कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के महेवा घाट क्षेत्र में अपनी शादी की मन्नत पूरी नहीं होने से नाराज एक युवक मंदिर से शिवलिंग को ही उठा ले गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शिवलिंग को मंदिर में दोबारा स्थापित करवा दिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिषेक कुमार ने बुधवार को बताया कि महेवा घाट थाना क्षेत्र के कुम्हियावा गांव के निवासी छोटू (27) को एक स्थानीय मंदिर से शिवलिंग चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उससे शिवलिंग बरामद कर उसे दोबारा मंदिर में स्थापित करवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि गत एक सितंबर को कुछ लोग मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो वहां शिवलिंग नहीं था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने संदेह के आधार पर गत 3 सितंबर को छोटू को पकड़ा था। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर शिवलिंग बरामद कर लिया गया। छोटू अपने किसी रिश्तेदार की बेटी से शादी करना चाहता था लेकिन उसके परिवार के लोग राजी नहीं हो रहे थे। इस पर छोटू ने श्रावण मास में भगवान शिव के मंदिर में पूजा-अर्चना करते हुए मन्नत मानी थी कि उसकी मनचाही शादी हो जाए। ग्रामीणों का कहना है कि छोटू रोजाना सुबह-शाम पूरे विधि विधान के साथ मंदिर में शिवलिंग की पूजा करता था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में छोटू के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है।
इंडोनेशिया में समुद्री लहरों की चपेट में आने से 4 मछुआरों की डूबने से मौत

जकार्ता। इंडोनेशिया के पूर्वी जावा प्रांत में बुधवार तड़के एक नाव के समुद्री लहरों की चपेट में आने और 4 मछुआरों की डूबने से मौत हो गई। जबकि, अन्य तीन लापता हैं। स्थानीय पुलिस ने बुधवार को जानकारी दी। यह दुर्घटना कथित तौर पर बनयुवांगी रीजेंसी के एक उप-जिले पुरवोहारजो में स्थानीय समयानुसार तड़के साढ़े तीन बजे हुई। पुरवोहरजो पुलिस प्रमुख बुदी हरमावन ने प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर कहा कि दुर्घटनाग्रस्त नाव में 27 मछुआरे सवार थे। नाव ग्राजगन गांव में एक बंदरगाह की ओर जाते समय ऊंची लहरों में समा गई। चालक दल सहित सभी सदस्य पानी में बह गए और उनमें से चार के शव मिले हैं, जबकि अन्य तीन अभी भी लापता है जिनकी तलाश जारी है। उन्होंने कहा बाकी लोगों को आसपास के मछुआरों ने बचाया।
असम में तेज रफ्तार ट्रक से टकराया अज्ञात वाहन, 7 की मौत
तिनसुकिया। असम के तिनसुकिया जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। काकोपाथर के पास बोर्डिरक तिनियाली में 12 लोगों को लेकर जा रहा अज्ञात वाहन विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे एक ट्रक से टकरा गया। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। जबकि, पांच अन्य घायल हो गए। बुधवार को पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ट्रक चालक नशे में था। घटना मंगलवार देर शाम का बताया जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। साथ ही घायलों को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल, पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।