राष्ट्रीय

छात्र राजनीति से शुरुआत, कांग्रेस प्रदेशअध्यक्ष भी रहे, जानें कौन हैं हिमाचल प्रदेश के नए सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री का नाम शनिवार को फाइनल हो गया। यहां 68 सदस्यीय विधानसभा में 40 सीटें लेकर आई कांग्रेस पिछले दो दिनों से सीएम के नाम को लेकर पशोपेश में थी। लंबी कवायद के बाद सभी विधायकों की राय से आलाकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर मुहर लगाई है। 58 वर्षीय सुक्खू पांच बार के विधायक हैं। इस बार उन्होंने भाजपा के विधायक विजय अग्निहोत्री को 3,363 वोटों से हराया है।

छात्र नेता के रूप में की थी शुरुआत

सुखविंदर सिंह सुक्खू का जन्म 26 मार्च 1964 को हुआ था। वह कांग्रेस की प्रचार समिति के प्रमुख हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से पीजी और एलएलबी की पढ़ाई की। सुक्खू ने राजनीतिक जीवन की शुरुआत एक छात्र नेता के रूप में की थी। तब वह सरकारी कॉलेज संजौली, शिमला में छात्र थे। वे कॉलेज में छात्रसंघ अध्यक्ष और महासचिव भी रहे। उनकी पत्नी का नाम कमलेश ठाकुर है। उनकी दो बेटियां हैं।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे

सुक्खू 1989 से 1995 के बीच NSUI के अध्यक्ष रहे। इसके बाद वह 1999 से 2008 के बीच युवा कांग्रेस के प्रमुख रहे। वह नगर निगम का चुनाव भी लड़े और दो बार पार्षद भी चुने गए थे। सुक्खू 2013 में हिमाचल कांग्रेस के प्रमुख के पद तक पहुंचे और 2019 तक हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे।

कहा था- सीएम की दौड़ में नहीं हूं

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को कहा था – मैं कांग्रेस का सच्चा सिपाही हूं। आलाकमान जो भी फैसला लेगा मुझे मंजूर होगा। दरअसल, उनके नाम की चर्चाएं शुक्रवार से ही तेज हो गई थीं। इस बीच उन्होंने दो बार पर्यवेक्षकों से मुलाकात की। सीएम पद के लिए नाम आने पर उन्होंने कहा था- मैं सीएम पद की दौड़ में नहीं हूं। वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने भी सुक्खू का नाम फाइनल होने पर नाराजगी जताई थी। शनिवार शाम नाम तय होने पर प्रतिभा के समर्थकों ने पर्यवेक्षकों के होटल के बाहर नारेबाजी भी की।

संबंधित खबरें...

Back to top button