ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

भोपाल : महू में राहुल गांधी की रैली के लिए जनजागरण, विधायक आरिफ मसूद के नेतृत्व में निकाली गई पदयात्रा

भोपाल। 27 जनवरी को महू में होने वाली राहुल गांधी की “जय बापू-जय भीम-जय संविधान यात्रा” यानी  संविधान बचाओ रैली के लिए कांग्रेस द्वारा जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मध्य विधानसभा क्षेत्र में विधायक आरिफ मसूद के नेतृत्व में कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकाली। इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना और महू में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करना है।

जिंसी चौराहे से शुरू हुई यात्रा

यह पदयात्रा जिंसी चौराहे से शुरू होकर कई स्थानों से गुजरी। रास्ते में स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। लिली टॉकीज पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ यात्रा का समापन हुआ।

संविधान बचाने का संदेश

इस अवसर पर विधायक आरिफ मसूद ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारतीय संविधान के रूप में दुनिया का सबसे बड़ा और समावेशी संविधान तैयार किया है। यह संविधान भारत के हर नागरिक को मौलिक अधिकार देता है। लेकिन मौजूदा सरकार इस संविधान को खत्म कर मनुस्मृति लागू करना चाहती है।

नफरत खत्म कर प्रेम और भाईचारे का संदेश

आरिफ मसूद ने आगे कहा, “हमें अपने संविधान को बचाने और देश में फैली नफरत को समाप्त कर प्रेम और भाईचारे का संदेश देने की जरूरत है। संविधान को बचाने के लिए मैंने पहले भी कई यात्राएं निकाली हैं और यह पदयात्रा भी उसी कड़ी का हिस्सा है। इसमें सभी धर्मों और जातियों के लोग शामिल हुए, जो हमारे संविधान की वास्तविक शक्ति को दर्शाता है।”

महू में बड़ी संख्या में जुटने का आह्वान

आरिफ मसूद ने लोगों से अपील की कि वे 27 जनवरी को महू में आयोजित राहुल गांधी की “जय बापू-जय भीम-जय संविधान यात्रा” में बड़ी संख्या में शामिल हों। उन्होंने इस यात्रा को देश के संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक सद्भाव को बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

आरिफ मसूद ने पदयात्रा में भाग लेने वाले सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की एकजुटता ही देश को सही दिशा में आगे ले जा सकती है।

ये भी पढ़ें- बुरहानपुर : सूरत से अवैध हथियार सामग्री मंगवाने वाले गैंग का भंडाफोड़, 2 देसी पिस्टल, 899 बैरल और 451 शटर नली, 15.90 लाख का माल जब्त

संबंधित खबरें...

Back to top button