बैतूल में स्कूल बस खेत में जा घुसी, 20 से ज्यादा बच्चे थे सवार, कुछ को हल्की चोटें

बैतूल। चिचोली क्षेत्र के चुनागोसाई में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे शारदा पब्लिक स्कूल की बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी। हादसे के समय बस में 20 से ज्यादा बच्चे सवार थे। इनमें से 3-4 बच्चों को सामान्य चोटें आई हैं। एसडीएम अभिजीत सिंह ने बताया कि बस का स्टीयरिंग फेल होने से हादसा हुआ। बस का फिटनेस चेक कराया जा रहा है।ग्रामीणों ने बच्चों को बस से बाहर निकाला।
ग्रामीणों ने बच्चों को बस से बाहर निकाला
जानकारी के अनुसार, स्कूल बस बच्चों को लेकर जा रही थी। चुनागोसाई में शिव मंदिर के पास अचानक बस का स्टीयरिंग फेल हो गया। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर खेत में चली गई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बच्चों को बस से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सभी बच्चे एक ही गांव के रहने वाले हैं। एसडीएम अभिजीत सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद वे चिचोली के बीएमओ को साथ लेकर गांव पहुंचे थे। बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। तीन-चार बच्चों को सामान्य चोटें आई हैं। बस का फिटनेस परीक्षण कराया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: धर्मांतरण या प्रार्थना…बैतूल में राष्ट्रीय हिंदू सेना ने किया विरोध प्रदर्शन, दो लोग हिरासत में
जर्जर बस चला रहे, अभिभावक नाराज
पहले भी शिकायत, दूसरी बस नहीं मिलने से नाराजगी ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि बस लंबे समय से जर्जर हालत में थी। इसे लेकर बस संचालक से कई बार शिकायत कर दूसरी बस की व्यवस्था करने की मांग की गई थी, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। हादसे के बाद अभिभावकों ने बस संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने और बच्चों की सुरक्षा के लिए दूसरी बस उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल बस की तकनीकी स्थिति की जांच की जा रही है। फिटनेस परीक्षण के बाद ही बस की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें: बैतूल के दिव्यांग तैराक रामबरन पाल ने फतह किया इंग्लिश चैनल! 21 घंटे 20 मिनट तक तैरकर पहुंचे फ्रांस




















