भोपाल में 29 जनवरी को होगा "बीटिंग द रिट्रीट", लाल परेड ग्राउंड में हुई कार्यक्रम की फाइनल रिहर्सल

- गणतंत्र दिवस समारोह का होगा समापन
भोपाल में 29 जनवरी को होगा "बीटिंग द रिट्रीट", लाल परेड ग्राउंड में हुई कार्यक्रम की फाइनल रिहर्सल
भोपाल। मध्य प्रदेश में गणतंत्र दिवस समारोह का समापन 29 जनवरी को “बीटिंग द रिट्रीट” समारोह के साथ होगा। इस भव्य आयोजन का आयोजन राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद स्थित लाल परेड मैदान में शाम 4:30 बजे किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्यपाल मंगू भाई पटेल मुख्य अतिथि होंगे।

फाइनल रिहर्सल हुई संपन्न

इस आयोजन से पहले मंगलवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन में "बीटिंग द रिट्रीट" की फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई। इस रिहर्सल में 7वीं वाहिनी के प्रधान आरक्षक रामचंद्र कुशवाह ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसएएफ राकेश गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक एसएएफ इरशाद वली, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

क्या होगा "बीटिंग द रिट्रीट" कार्यक्रम में?

  • "बीटिंग द रिट्रीट" समारोह में पुलिस बैंड और पाइप बैंड द्वारा आकर्षक संगीतमयी प्रदर्शन किया जाएगा।
  • ब्रास बैंड की प्रस्तुति : हिन्दी और अंग्रेजी क्लासिकल धुनों के साथ-साथ नई और पुरानी हिन्दी फिल्मों के गानों का प्रदर्शन किया जाएगा।
  • मार्चपास्ट और सामूहिक प्रदर्शन : पुलिस बैंड द्वारा मनोहारी मार्चपास्ट और सामूहिक संगीतमय प्रस्तुतियां होंगी।
  • ध्वजारोहण और आतिशबाजी : गार्ड द्वारा ध्वजारोहण, पिस्टल/एलएमजी फायर, रंगीन लाइटिंग और आतिशबाजी इस समारोह के प्रमुख आकर्षण होंगे।

"बीटिंग द रिट्रीट" का इतिहास और महत्व

उल्लेखनीय है कि "बीटिंग द रिट्रीट" एक प्राचीन सैन्य परंपरा है, जिसका आरंभ तब हुआ जब युद्ध के दौरान सूर्यास्त के समय सैनिक युद्ध करना बंद कर देते थे। "रिट्रीट" की ध्वनि सुनते ही सैनिक अपने हथियार छोड़कर युद्धक्षेत्र से हट जाते थे और झंडों को उतारा जाता था। भारत में "बीटिंग रिट्रीट" गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों का औपचारिक समापन है। हर साल 29 जनवरी की शाम यानी गणतंत्र दिवस के तीसरे दिन यह आयोजन दिल्ली में होता है। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल इस परंपरा को निभाने वाला देश का एकमात्र अन्य स्थान है, जहां यह भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts