5 जनवरी तक नहीं होंगे बांके बिहारी मंदिर के दर्शन!
वर्ष के अंत और नए साल की शुरुआत के समय, धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ अक्सर नियंत्रण से बाहर हो जाती है। यदि आप भी वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर के दर्शन करने का सोच रहे हैं, तो प्रशासन ने कुछ महत्वपूर्ण बदलाव और निर्देश जारी किए हैं, ताकि दर्शनार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर के मुख्य सेवायत पुजारी आशीष गोस्वामी ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि वर्तमान में मंदिर में इतनी भीड़ है कि 25 दिसंबर के बाद मंदिर में पैरों रखने की जगह भी नहीं है। उन्होंने श्रद्धालुओं से निवेदन किया कि बिहारी जी यहीं वृंदावन में रहेंगे और कोई भी आपात स्थिति न होने पर 5 जनवरी 2026 तक मंदिर की यात्रा टाल दें।

मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 29 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक नव वर्ष के अवसर पर भारी भीड़ उमड़ेगी। ऐसे में यात्रा का कार्यक्रम केवल अति आवश्यक होने पर ही बनाना चाहिए।
ट्रैफिक और वाहन प्रतिबंध
मंदिर तक आने वाले रास्तों पर 1 जनवरी 2026 तक बैरिकेडिंग की जाएगी। इसके अलावा, मंदिर तक भारी और व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। केवल छोटे वाहन सीमित स्थान तक ही जा सकते हैं। वृंदावन में ट्रैफिक जाम और गलियों में भीड़ का दबाव बढ़ सकता है, इसलिए प्रशासन ने सार्वजनिक परिवहन और पैदल मार्ग अपनाने की सलाह दी है।
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए निम्नलिखित निर्देश जारी किए हैं:
- सामान की सुरक्षा: श्रद्धालु अपने साथ किसी प्रकार का बैग, कीमती सामान या भारी वस्त्र न लाएं। जेबकतरों और मोबाइल चोरों से सतर्क रहें।
- प्रवेश एवं निकास मार्ग: मंदिर में आने-जाने का रास्ता अलग रखा गया है। केवल निर्धारित प्रवेश और निकास मार्ग का उपयोग करें। पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर दिए जाने वाले निर्देशों का पालन अवश्य करें।
- जूता और चप्पल: मंदिर में जूता या चप्पल पहनकर प्रवेश न करें। निर्धारित स्थानों पर जूते चप्पल उतारने की सुविधा उपलब्ध है।
- परिवार की सुरक्षा: छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ आए श्रद्धालु अपने परिवार के सदस्यों के फोन नंबर और पहचान का पर्चा साथ रखें।
- स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां: वृद्ध, दिव्यांगजन, हृदय रोगी, शुगर, बीपी या सांस संबंधी रोग वाले व्यक्ति, और मिर्गी या दौरे के रोगी भीड़ के समय मंदिर में न आएँ। खाली पेट मंदिर आने से बचें और आवश्यक दवाइयाँ साथ रखें।
मंदिर में सुविधाएं और खोया-पाया केन्द्र
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया केन्द्र की व्यवस्था की है। यह केन्द्र मंदिर के गेट नंबर 2 और श्री बांके बिहारी जी पुलिस चौकी पर उपलब्ध रहेगा।













