उमरिया: बांधवगढ़ में जन्माष्टमी मेले की तैयारी पूरी, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद ही मिलेगा प्रवेश

उमरिया। जन्माष्टमी मेले में ताला मेनगेट से केवल ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। मेले में 8 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं को एंट्री नहीं मिलेगी बच्चों और बुजुर्गों के लिए मंदिर के बाहर बड़ी स्क्रीन पर दर्शन की व्यवस्था रहेगी। सुरक्षा, स्वास्थ्य और निगरानी के लिए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के साथ पुलिस, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात रहेंगी।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद मिलेगा प्रवेश
मेले में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके बाद ही ताला मेनगेट से प्रवेश दिया जाएगा और गेट पर प्रवेश-पत्रों की जांच की जाएगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की संख्या भी तय कर दी है, जिसके तहत 8 हजार से अधिक लोगों को मेले में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें: यशोदा के लाड़ले से महाभारत के सारथी तक! श्रीकृष्ण के जीवन के ये राज शायद ही जानते होंगे आप….
बच्चों और बुजुर्गों के लिए बड़ी स्क्रीन
सुरक्षा व्यवस्था के तहत 12 साल से कम उम्र के बच्चों और 65 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को मंदिर क्षेत्र में जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे श्रद्धालुओं के लिए ताला गेट के बाहर बड़ी स्क्रीन लगाई जाएगी। यहां से वे मंदिर के दर्शन के साथ मेले की गतिविधियां भी देख सकेंगे।
29 ड्यूटी पॉइंट पर 110 अधिकारी रहेंगे तैनात
मेले के दौरान करीब 29 मुख्य ड्यूटी और निगरानी पॉइंट बनाए गए हैं। इन स्थानों पर 110 अधिकारी, वनकर्मी और श्रमिक तैनात रहेंगे। भोजन, पानी, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं के लिए 25 अतिरिक्त स्टाफ लगाया गया है, जबकि कुल मिलाकर बांधवगढ़ की ओर से करीब 135 और अन्य विभागों के 100 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी पर रहेंगे।
6 जिप्सी से की जा जाएगी निगरानी
सुरक्षा और इमरजेंसी सहायता के लिए 6 जिप्सी वाहन संवेदनशील स्थानों पर तैनात किए जाएंगे। हाथी लक्ष्मण, श्याम, रामा और सूर्या भी तय इलाकों में गश्त करेंगे। पार्क क्षेत्र में पॉलीथीन, गुटखा, अगरबत्ती, जिलेटिन और अन्य ज्वलनशील सामग्री ले जाने पर रोक रहेगी।
ये भी पढ़ें: नोटिस पहले या गिरफ्तारी? आकृति केस में पुलिस की कार्रवाई पर कोर्ट ने क्यों उठाए सवाल
मेनगेट पर मेडिकल टीम, रास्ते में भी सुधार
ताला मेनगेट पर मेडिकल टीम के साथ फर्स्ट एड सामग्री, ओआरएस, स्ट्रेचर और जरूरी दवाएं उपलब्ध रहेंगी। ताला गेट से मंदिर तक जाने वाले रास्ते में सुधार कार्य कराया गया है और अधिकारियों ने बाकी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।




















