बलौदाबाजार में दर्दनाक सड़क हादसा: खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बाइक, एक ही परिवार के 3 भाइयों की मौत

रायपुर/बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक ही परिवार की खुशियां छीन लीं। रायपुर-पलारी मार्ग पर घोटिया मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में 18 साल के तीनों युवकों की जान चली गई। तीनों आपस में मौसेरे भाई थे और नवरात्रि के मौके पर पलारी जा रहे थे।
संबंधित खबर: धमतरी में चलते-चलते सड़क पर सो गया युवक, अज्ञात वाहन ने कुचला, CCTV में कैद हुआ खौफनाक हादसा
बलौदाबाजार में भीषण सड़क हादसा, तीनों युवकों की मौत
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में रायपुर-पलारी मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। पलारी थाना क्षेत्र के घोटिया मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।
पहले एक युवक ने तोड़ा दम, रायपुर में दो की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान प्रेम धीवर (18), राज धीवर (18) और खिलेश्वर धीवर (18) के रूप में हुई है। हादसे के बाद प्रेम धीवर की बलौदाबाजार अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल राज धीवर और खिलेश्वर धीवर को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया था। बुधवार को उपचार के दौरान दोनों की भी मौत हो गई।
संबंधित खबर: भंडारा हादसे पर CM साय का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार
नवरात्रि में पलारी जा रहे थे तीनों मौसेरे भाई
जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक नवरात्रि के अवसर पर पलारी जा रहे थे। इसी दौरान घोटिया मोड़ के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे की सूचना मिलते ही पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, गंभीर चोटों के चलते तीनों युवकों की जान नहीं बचाई जा सकी।
एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
प्रेम धीवर और खिलेश्वर धीवर कोरासी गांव के निवासी थे, जबकि राज धीवर पलारी में रहता था। तीनों आपस में मौसेरे भाई थे और उनकी उम्र महज 18 वर्ष थी। प्रेम के पिता दौदे में होटल चलाते हैं और प्रेम भी उनके साथ काम करता था। हादसे की खबर से परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घोटिया मोड़ पर पहले भी हो चुके हैं हादसे
स्थानीय स्तर पर घोटिया मोड़ को दुर्घटना संभावित क्षेत्र यानी ब्लैक स्पॉट के रूप में जाना जाता है। यहां पहले भी सड़क हादसे होने की जानकारी सामने आती रही है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और दुर्घटना संभावित स्थानों पर प्रभावी इंतजामों की जरूरत को सामने ला दिया है।




















