ताजा खबरराष्ट्रीय

Election Results 2023 : त्रिपुरा-नागालैंड में बीजेपी की सत्ता में वापसी लगभग तय, मेघालय में NPP आगे

नई दिल्ली। पूर्वोत्तर के तीन राज्यों त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड में आज नतीजों का दिन है। तीनों राज्यों में 60 सदस्यीय विधानसभा हैं। अब त्रिपुरा और नागालैंड में तस्वीर साफ होती दिख रही है। त्रिपुरा में बीजेपी तो नागालैंड में एनडीपीपी (बीजेपी गठबंधन) की सत्ता में वापसी लगभग तय दिख रही है। मेघालय में सीएम कोनराड संगमा की पार्टी एनपीपी आगे चल रही है, 26 सीटों पर आगे है। नागालैंड में भाजपा गठबंधन को 39 सीटों और त्रिपुरा में 34 सीटों पर बढ़त है। त्रिपुरा में 16 फरवरी को तो नगालैंड और मेघालय में 27 फरवरी को चुनाव हुए थे।

त्रिपुरा: सीएम माणिक साहा अपनी सीट से चुनाव जीते

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा टाउन बरदोवाली सीट से चुनाव जीत गए हैं। बीजेपी ने इस बार त्रिपुरा में माणिक साहा के चेहरे पर चुनाव लड़ा है।

नागालैंड में पहली बार बनी महिला विधायक

नागालैंड में 60 साल में पहली बार महिला विधायक चुनी गई है। एनडीपीपी की उम्मीदवार हेकानी जाखलू ने जीत हासिल की है। वे नागालैंड विधानसभा के लिए चुनी गई पहली महिला विधायक हैं।

सीएम कोनराड संगमा के भाई हारे

मेघालय सीएम कोनराड संगमा के भाई जेम्स संगमा चुनाव हार गए, वे दादेंग्रे सीट से चुनाव लड़े थे। उन्हें टीएमसी उम्मीदवार रूपा मारक ने मात दी। कोनराड संगमा भाई की सीट पर री-काउंटिंग की मांग कर रहे हैं।

तीनों राज्यों में कब खत्म होगा मौजूदा सरकार का कार्यकाल?

  • नागालैंड- 12 मार्च
  • मेघालय- 15 मार्च
  • त्रिपुरा- 22 मार्च

नागालैंड, त्रिपुरा और मेघालय में विधानसभा की 60 सीटें हैं। मौजूदा सरकार के कार्यकाल से पहले नई विधानसभाओं का गठन किया जाना है।

तीन राज्यों में मुख्यमंत्री कौन हैं?

  • नागालैंड के मुख्यमंत्री- नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी के नेता नेफियू रियो
  • त्रिपुरा के मुख्यमंत्री- बीजेपी के नेता माणिक साहा
  • मेघायल के मुख्यमंत्री- एनपीपी के कॉनराड संगमा

त्रिपुरा में भाजपा की सरकार

त्रिपुरा में भाजपा की सरकार है। त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 25 सालों के वाम किले को ढहा दिया था। यहां भाजपा ने 35 सीटों पर जीत हासिल की थीं। वहीं, गठबंधन में स्वदेशी पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) द्वारा 8 सीटें जीतने के बाद भाजपा गठबंधन ने 59 सीटों में से 43 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं, सीपीआई (एम) को 16 सीटें मिली थीं। भाजपा ने बिप्लब देब को मुख्यमंत्री बनाया था। जिसके बाद भाजपा ने 2022 में उनकी जगह माणिक साह को राज्य की कमान सौंपी है।

मेघालय में किसकी सरकार है?

मेघालय में नेशनल पीपुल्स पार्टी और भाजपा गठबंधन की सरकार बनी थी। बता दें कि, 2018 के चुनाव में कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 21 सीटों पर जीत हासिल की थी। लेकिन एनपीपी ने भाजपा और अन्य दलों के साथ मिलकर सरकार बना ली थी। मेघालय के मुख्यमंत्री एनपीपी के कोनराड संगमा हैं।

नगालैंड में NDPP और भाजपा गठबंधन की सरकार

नागालैंड में NDPP और भाजपा गठबंधन की सरकार है। 2018 से पहले यहां नगा पीपुल्स फ्रंट सत्ता (NPF) में था, लेकिन चुनाव से पहले NPF दो गुटों में बंट गई। बागी नेताओं के साथ राज्य के मुख्यमंत्री रहे नेफ्यू रियो ने नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) बनाई थी। चुनाव में NDPP को 18 तो भाजपा को 12 सीटों पर जीत मिली और नेफ्यू रियो राज्य के मुख्यमंत्री बने। जिसके बाद NPF के तमाम विधायक गठबंधन में शामिल हो गए।

संबंधित खबरें...

Back to top button