इंदौरमध्य प्रदेश

खाई में गिरी यात्री बस : आधा दर्जन लोगों की मौत, इंदौर से खंडवा जा रही बस भैरव घाट पर अनियंत्रित होकर पलटी

मप्र के इंदौर में बड़ा हादसा हो गया। गुरुवार को इंदौर से खंडवा जा रही यात्री बस भैरव घाट पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। इसकी पुष्टि सिमरोल टीआई आरएस भदौरिया ने की है। ओवर टेक के चक्कर में हादसा हुआ है। 10 घायलों को इंदौर के अस्पताल लाया गया है। विधायक संजय शुक्ला और जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने एमवाय अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।

50 फीट गहरी खाई में गिरी बस

जानकारी के मुताबिक, इंदौर से खंडवा जा रही बस सिमरोल थाना क्षेत्र में भैरव घाट के पास 50 फीट गहरी खाई में जाकर गिर गई। बस के चारों पहिए ऊपर हो गए। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक करीब 2 दर्जन यात्री घायल हो गए हैं। यात्रियों को घाट से ऊपर लाने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना की जानकारी लगते ही तत्काल 108 एंबुलेंस सहित पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को आसपास के अस्पताल भेजा जा रहा है। राहगीरों ने बताया कि बस में 50 से 60 लोग मौजूद थे। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी। कलेक्टर मनीष सिंह के मुताबिक हादसे के वक्त बस तेज स्पीड में थी। ओवर टेक के चक्कर में हादसा हुआ है।

यात्रियों को ऊपर लाया गया। सड़क पर जाम भी लग गया।

 

मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा, इंदौर के सिमरोल के पास हुई बस दुर्घटना में कई अनमोल जिंदगियों के असामयिक निधन का हृदय विदारक समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने व घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। दु:ख की इस घड़ी में परिवार स्वयं को अकेला न समझे मैं और समस्त मध्यप्रदेश शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपए राशि प्रदान की जाएगी और सामान्य रूप से घायलों के इलाज की संपूर्ण व्यवस्था राज्य सरकार करेगी।

मध्यप्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button