Amarnath Yatra 2024 : अस्थाई रूप से रोकी गई अमरनाथ यात्रा, बालटाल और पहलगाम में भारी बारिश

Amarnath Yatra 2024 : अस्थाई रूप से रोकी गई अमरनाथ यात्रा, बालटाल और पहलगाम में भारी बारिश
श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर हिमालय स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर की यात्रा भारी बारिश के कारण दोनों मार्गों पर शनिवार को अस्थाई तौर पर स्थगित कर दी गई। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात से बालटाल और पहलगाम मार्ग पर रुक-रुक कर भारी बारिश हो रही है। यात्रियों को वापस उनके बेस कैंप भेजा जा रहा है। मौसम में सुधार के बाद यात्रा फिर से शुरू होगी।

डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए एहतियाती तौर पर यात्रा को अस्थाई रूप से स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। अब तक डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन किए हैं।

जम्मू से 5,800 तीर्थयात्री रवाना

वहीं दूसरी तरफ अमरनाथ यात्रा के लिए 5,800 से अधिक तीर्थयात्रियों का एक और जत्था शनिवार सुबह जम्मू के दो आधार शिविर से रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के बीच तड़के 2:50 और 3:50 बजे 245 वाहनों के दो अलग-अलग काफिलों में 1,118 महिलाओं और 18 बच्चों समेत कुल 5,876 तीर्थयात्रियों का नौवां जत्था भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि 3,759 तीर्थयात्रियों का एक जत्था 134 वाहनों के काफिले में पहलगाम के लिए रवाना हुआ, जबकि 111 वाहनों पर सवार 2,117 श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था बालटाल के लिए रवाना हुआ।

52 दिन की है अमरनाथ यात्रा

अमरनाथ यात्रा 52 दिन की है। यह तीर्थयात्रा 29 जून को अनंतनाग के 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग और गंदेरबल में बालटाल मार्ग से शुरू हुई थी और यह 19 अगस्त को समाप्त होगी। पिछले साल साढ़े चार लाख लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने अमरनाथ गुफा में बर्फ से निर्मित शिवलिंग के दर्शन किए थे। इस साल यह यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या डेढ़ लाख से अधिक हो गई है ये भी पढ़ें- अमरनाथ यात्रा : तीर्थयात्रियों का तीसरा जत्था रवाना, जय बाबा बर्फानी के जयकारों के साथ जम्मू आधार शिविर से निकले हजारों श्रद्धालु
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts