अन्यताजा खबरमनोरंजन

एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे सुसाइड केस : भोजपुरी सिंगर समर सिंह गिरफ्तार, मां ने बताया था जिम्मेदार; जानें पूरा मामला

वाराणसी। भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे सुसाइड केस में आरोपी सिंगर समर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वाराणसी पुलिस ने गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र से समर सिंह को गिरफ्तार किया। अब क्राइम ब्रांच की टीम उसे अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी लाएगी। आकांक्षा की मां ने समर सिंह पर बेटी को ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। मामले के दूसरे आरोपी समर सिंह के भाई संजय सिंह की तलाश जारी है। बता दें कि, आकांक्षा ने 26 मार्च को होटल में सुसाइड कर लिया था।

एक्ट्रेस अकांक्षा दुबे और सिंगर समर सिंह।

एक्ट्रेस की मां ने सिंगर समर पर लगाए ये आरोप

जानकारी के मुताबिक, एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की मौत के बाद से ही समर सिंह फरार चल रहा था। आकांक्षा की मां मधु दुबे ने समर पर उनकी बेटी को ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कोर्ट की निगरानी में मामले की जांच होने की गुहार लगाई है।

एक्ट्रेस की मां का कहना है कि, समर ने उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर उसके साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रहा। इस दौरान आकांक्षा के आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिए और वीडियो वायरल करने की धमकी देता था। इसके साथ ही वो उसके साथ मारपीट भी करता था। वो आकांक्षा को दूसरे एक्टर के साथ काम भी नहीं करने देता था।

लाइव वीडियो में रोते हुए नजर आईं थीं आकांक्षा

26 मार्च को वाराणसी स्थित सारनाथ के एक होटल में 25 वर्षीय आकांक्षा दुबे ने सुसाइड कर लिया था। उनका शव फंदे से लटका हुआ मिला। सुसाइड से पहले आकांक्षा का एक लाइव वीडियो सामने आया था, जिसमें वह रोत नजर आ रहीं थीं। इसमें लोग कमेंट करते हुए पूछ रहे थे- क्या हुआ, रो क्यों रही हो। चार सेकंड की क्लिप में आकांक्षा कुछ कह नहीं रहीं थीं, सिर्फ मुंह पर हाथ रखकर रोते हुए नजर आ रहीं थीं।

आकांक्षा की मौत के बाद होटल के कमरे में जांच करते पुलिस अधिकारी।

आकांक्षा भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र के परसीपुर की रहने वाली थीं। आकांक्षा ने ‘वीरों के वीर’ और ‘कसम पैदा करने वाले की 2’ जैसी हिट फिल्मों में काम किया था।

सोशल मीडिया पर एक्टिव थीं

आकांक्षा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी काफी एक्टिव रहती थीं। उनके रील्स काफी चर्चा में रहे हैं। आकांक्षा ने करियर की शुरुआत मुंबई से की थी। वह बचपन से डांस और एक्टिंग की शौकीन थीं। उनके माता-पिता उन्हें आईएएस अफसर बनाना चाहते थे, लेकिन वह डांस और एक्टिंग में रुचि रखती थीं।

ये भी पढ़ें- भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे ने किया सुसाइड, वाराणसी के एक होटल में मिला शव, सुसाइड से पहले लाइव वीडियो में रोती दिखीं

संबंधित खबरें...

Back to top button