व्यापार जगत

इस साल मीडिया की सुर्खियों में सबसे आगे रही रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिडेट, SBI दूसरे नंबर पर : विजिकी न्यूजमेकर्स की रिपोर्ट

नई दिल्ली। देश की सबसे ज्यादा आय, मुनाफा कमाने वाली और मार्केट शेयर वाली सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. (RIL) मीडिया की सुर्खियों के मामले में भी टॉप पर है। इस मामले में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) दूसरे स्थान पर है। विजिकी न्यूजमेकर्स ने अपनी 2022 की रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।

विजिकी की रिपोर्ट के मुताबिक शीर्ष 5 कंपनियों की लिस्ट में रिलायंस और SBI के अलावा ICICI बैंक लि., भारती एयरटेल लि. और पेटीएम का संचालन करने वाली वन 97 कम्युनिकेशंस लि. शामिल हैं। यह रैंकिंग विजिकी के ‘न्यूज स्कोर’ पर आधारित है। इसके तहत खबरों, सुर्खियों और खबर को प्रकाशित प्रसारित करने वाले मीडिया संस्थानों की पहुंच का विश्लेषण करके यह आकलन किया जाता है कि संबंधित ब्रांड और व्यक्ति कितनी चर्चा में रहा।

रिपाेर्ट में किस कंपनी को क्या रैंक

रैंक कंपनी
1 रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिडेट
2 एसबीआई
3 आईसीअईसीआई बैंक
4 भारतीय एयरटेल
5 वन-97 कम्युनिकेशन (पेटीएम)
6 इन्फोसिस
7 टाटा कंसल्टेंसी
8 एचडीएफसी लि.
9 मारुति सुजुकी इंडिया
10 टाटा मोटर्स

रिपोर्ट के लिए 5 करोड़ से अधिक खबरें जुटाईं

विजिकी ने यह रिपोर्ट तैयार करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग तकनीक के जरिये ‘ऑनलाइन’ प्रकाशित-प्रसारित करने वाली 4 लाख से अधिक वेबसाइटों की 5 करोड़ से अधिक खबरों को एकत्रित किया। रिपोर्ट में विश्लेषण के लिए 1,000 से ज्यादा भारतीय कंपनियों के डेटा देखे गए। इसमें पता चला कि रिलायंस इंडस्ट्रीज इस साल 92.56 ‘न्यूज’ अंकों के साथ पहले नंबर पर है। यह पहली कंपनी बनी है, जिसने 90 अंक की सीमा पार की है। 2021 में कंपनी को 84.9 अंक मिले थे।

रिलायंस लगातार तीसरे साल टॉप पर

विजिकी पहली ऐसी संस्था है, जिसने एआई, मशीन लर्निंग और मीडिया इंटेलिजेंस के जरिये ब्रांड और व्यक्तियों के लिए इस तरह का न्यूज स्कोर बनाया। इसमें खबरों की संख्या, सुर्खियां और उसकी रीच, खबरों को प्रकाशित प्रसारित करने वाले संस्थानों की पहुंच और उस खबर को पढ़ने वाले पाठकों की संख्या को ध्यान में रखा जाता है। इसमें कंपनियों को 0 से 100 अंक के बीच दिए जाते हैं। यह लगातार तीसरा साल है जब रिलायंस विजिकी की ‘सुर्खियों’ में बने होने की रैंकिंग में पहले पायदान पर है।

इसलिए सुर्खियों में रहीं कंपनियां

लिस्ट में शामिल कंपनियां निवेश, अधिग्रहण, भागीदारी और अन्य पहलों की वजहों से सुर्खियों में रही हैं। जैसे रिलायंस ने मंदारिन ओरिएंटल, एडवर्ब टेक्नोलॉजीज, कैम्पा कोला जैसे ब्रांडों के अधिग्रहण से लेकर 3.5 लाख करोड़ रुपए के निवेश की घोषणा की। एसबीआई ने भी कई कंपनियों में निवेश और एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही कर्ज को बट्टे खाते में डालने से भी यह चर्चा में बनी रही।

11 से 18 नंबर तक ये कंपनियां

लिस्ट में एचडीएफसी बैंक 11वें नंबर पर है। हाल ही में लिस्टेड स्टार्टअप जोमैटो 12वें, विप्रो 13वें, एक्सिस बैंक 14वें, एनटीपीसी 15वें, टाटा स्टील 16वें, आईटीसी 17वें और लार्सन एंड टुब्रो 18वें स्थान पर है।

IPL की मिनी नीलामी में 405 खिलाड़ियों पर लगेगी बोली, स्टोक्स और ग्रीन पर होंगी निगाहें

संबंधित खबरें...

Back to top button