PlayBreaking News

भोपाल में कांग्रेस की तिरंगा यात्रा : ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सेना को सलामी, पाकिस्तान को दी चेतावनी

Follow on Google News
भोपाल में कांग्रेस की तिरंगा यात्रा : ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सेना को सलामी, पाकिस्तान को दी चेतावनी
भोपाल। भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समर्थन में मध्य प्रदेश कांग्रेस ने शुक्रवार को राजधानी भोपाल में ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली। रेड क्रॉस चौराहे से शौर्य स्मारक तक निकाली गई इस यात्रा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और विधायक आरिफ मसूद सहित कई नेताओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत बयान देते हुए भारतीय सेना को सलामी दी।

कांग्रेस नेताओं ने दिखाई एकजुटता

यात्रा की अगुवाई कर रहे पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस देश के साथ थी, है और हमेशा रहेगी। उन्होंने कहा, यह रैली भारतीय सेना के सम्मान में निकाली गई है। कांग्रेस ने देश को आज़ादी दिलाई थी और अब भी वह देश की सीमाओं पर तैनात हर जवान के साथ खड़ी है। पाकिस्तान को सबक सिखाने की जरूरत है और सेना ने यह काम रणनीतिक तरीके से किया है।

दिग्विजय बोले- हमारा निशाना बिल्कुल सटीक था

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस मौके पर सेना की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा, भारत की इंटेलिजेंस और सेना ने आतंकियों के ठिकानों को बिल्कुल सटीक तरीके से निशाना बनाया। किसी भी सिविलियन को नुकसान नहीं पहुंचा, सिर्फ आतंकवादियों को मारा गया। उन्होंने कहा, जब भारत पर संकट आता है, तो पूरा देश एकजुट हो जाता है। पाकिस्तान लंबे समय से आतंकवादियों को शरण दे रहा है, अब उसे उसकी ही भाषा में जवाब दिया गया है।

उमंग सिंघार बोले- पाकिस्तान का समय अब खत्म

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पाकिस्तान को आड़े हाथों लेते हुए कहा, पाकिस्तान भारत से निकला एक नादान बच्चा है, जो बार-बार गलती करता है। 1971 में उसके टुकड़े हुए थे और अब वक्त आ गया है कि एक बार फिर उसे सबक सिखाया जाए। पीओके को भारत का हिस्सा बनाना चाहिए और बलूचिस्तान तक हमारा नियंत्रण होना चाहिए।

भारत के मुसलमान देश के साथ : आरिफ मसूद

कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने पाकिस्तान को कायर करार देते हुए कहा, भारत के मुसलमान देश के साथ हैं। पाकिस्तान की गीदड़ भभकियों का कोई असर नहीं होने वाला। हमने आजादी की लड़ाई लड़ी है, अब देश की सेना को पूरा समर्थन दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने जो कायरता दिखाई, उसका भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया है।

हाथों में तिरंगा थामे कार्यकर्ताओं ने लगाए नारे

इस यात्रा में प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री संजय कामले, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, भोपाल शहर अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना और ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनोखी पटेल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए। यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा थामे कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय” और “जय हिंद” के नारे लगाए।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Bhopal
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts