ताजा खबरराष्ट्रीय

सत्येंद्र जैन की बिगड़ी हालत : तिहाड़ जेल के वॉशरूम में गिरे, DDU से LNJP अस्पताल में किया गया शिफ्ट; ICU में भर्ती

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की तबीयत और भी बिगड़ गई है। उन्हें दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल से एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया है। जहां उन्हें आईसीयू में ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। गुरुवार सुबह वे तिहाड़ जेल के वॉशरूम में फिसलकर गिर पड़े थे।

तिहाड़ जेल के वॉशरूम में गिरे जैन

तिहाड़ के अधिकारियों ने बताया कि, सत्येंद्र जैन गुरुवार सुबह करीब 6 बजे तिहाड़ जेल नंबर 7 के मेडिकल इंस्पेक्शन रूम के बाथरूम में फिसलकर गिर पड़े। उन्हें कमजोरी की शिकायत के बाद यहां ऑब्जर्वेशन में रखा गया था। शुरुआती जांच में उनके अंग ठीक से काम कर रहे थे। लेकिन सत्येंद्र जैन ने पीठ, बाएं पैर और कंधे में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया। उन्हें पहले दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ​तबीयत में सुधार न होने के बाद अब उन्हें एलएनजेपी में  इलाज के लिए शिफ्ट किया गया है।

सत्येंद्र की सेल में 2 कैदी रखने पर सुपरिन्टेंडेंट को नोटिस

जैन ने जेल नंबर 7 के सुपरिन्टेंडेंट से पत्र लिखकर अपील की वे अकेलेपन की वजह से डिप्रेशन का शिकार हो रहे हैं। इसलिए उनके साथ दो अन्य कैदियों को रखा जाए। जिसके बाद दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की मांग पर उनके सेल में दो कैदी भेजने पर तिहाड़ जेल प्रशासन ने जेल सुपरिन्टेंडेंट को कारण बताओ नोटिस भेजा है।

जेल में क्यों बंद हैं सत्येंद्र जैन?

जैन पर कथित आरोप हैं कि उन्होंने दिल्ली में कई शेल कंपनियां बनाई या खरीदी थीं। उन्होंने कोलकाता के तीन हवाला ऑपरेटर्स से 54 शेल कंपनियों के जरिए 16.39 करोड़ का काला धन भी ट्रांसफर किया। जैन के पास प्रयास, इंडो और अकिंचन नाम की कंपनियों में बड़ी संख्या में शेयर थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, 2015 में केजरीवाल सरकार में मंत्री बनने के बाद जैन के सभी शेयर उनकी पत्नी के नाम कर दिए गए थे।

गौरतलब है कि, 57 साल के जैन को 30 मई को गिरफ्तार किया गया था। आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में जैन, उनकी पत्नी पूनम जैन और अन्य पर मामला दर्ज किया।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button