ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

ट्रेनिंग के लिए 9.25 लाख युवाओं ने कराया रजिस्ट्रेशन, जॉइन करने वाले सिर्फ 19 हजार

मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना का सच: काम नहीं मिलने से युवा निराश

पुष्पेन्द्र सिंह, भोपाल। बालाघाट के अविनाश पारधी कहते हैं कि बड़ी उम्मीद से प्रशिक्षण के लिए आवेदन जमा किया था लेकिन उनके पास आज तक कोई ऑफर लेटर नहीं आया। घरेलू उपकरण जैसे वाशिंग मशीन आदि के लिए ट्रेनिंग लेना चाह रहा था। ऐसा लगता है कि योजना महज चुनावी लालीपॉप है। ये हालात मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना के हैं। विधानसभा चुनाव के पहले राज्य सरकार ने इस योजना को लॉन्च किया था।

इसमें 12वीं से लेकर आईआईटी करने वाले युवाओं को स्वारोजगार से जोड़ने के लिए स्टाइपेंड सिस्टम लागू किया। इसमें 8 हजार से दस हजार रुपए तक स्टाइपेंड देने की व्यवस्था की गई। प्रत्येक युवा को राज्य शासन द्वारा 1 लाख रुपए तक का स्टाइपेंड देने का कार्यक्रम है। लेकिन साल बीतने में अब पांच माह बचे हैं लेकिन स्वरोजगार से जोड़ने की संख्या 19 हजार तक ही पहुंच पाई है। जबकि प्रशिक्षण के लिए आवेदन देने वाले युवाओं की संख्या 9.25 लाख से अधिक हो चुकी है।

सरकार का दावा

योजना के तहत प्रतिवर्ष 1 लाख युवाओं को लाभ मिलेगा। जरूरत पड़ने पर लक्ष्य को और भी बढ़ाया जा सकता है।

इस साल उद्योगों और संस्थाओं ने निकालीं 30 हजार वैकेंसी

योजना प्रारंभ होने के बाद से प्रदेश के औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए 46 सेक्टर के 700 से अधिक पाठ्यक्रमों में 30 हजार वैकेंसी निकाली गई हैं। बावजूद, रिस्पॉन्स पुअर मिल रहा है।

जानिए क्यों पड़ा लक्ष्य पर असर

  • विधानसभा चुनाव के कारण ढाई माह पोर्टल बंद रहा।
  • आने वाले लोकसभा चुनाव के दौरान भी पोर्टल बंद रहेगा।
  • ऑफर लेटर मिलने के लिए सात दिन में हां करना होता है। ज्यादातर युवा अपनी सहमति नहीं दे पाए।

योजना में यह है दो दिन का सच

स्थिति                   12 मार्च 2024        13 मार्च 2024      बढ़े
पंजीकृत संस्था           22,668                22,708                40
प्रकाशित पद             82,183                82,293                110
पंजीकृत अभ्यर्थी         9,25,079             9,25,228             149
जनरेटेड अनुबंध         35,512                35,674                162
स्वीकृत अनुबंध          26,326                26,439                113
अनुमोदित अनुबंध      23,255                23,404                149
जॉइन अभ्यर्थी            18,864                18,986                122
स्रोत: मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना पोर्टल (12-13 मार्च )

कहां आवेदन दिया, भूल गए

अब याद नहीं कि उन्होंने किस कंपनी में प्रशिक्षण के लिए आवेदन दिया था। एमपीईबी से एक बार कॉल आया, कहा कि उनके यहां वैकेंसी नहीं है। -त्रिलोक नरवरिया, सेवनिया ओंकारा, भोपाल

500 किमी दूर कैसे जाएं

सात माह पहले सौर ऊर्जा पर ट्रेनिंग लेने के लिए आवेदन किया था। भोपाल में प्रशिक्षण लेना चाहता हूं लेकिन उन्हें सतना, रीवा और सागर से कॉल आए। 500 किमी दूर कैसे जाएं। -ललित बघेल,कोसमी बालाघाट

प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराते हैं

इस साल 30 हजार वैकेंसी उद्योगों और संस्थाओं की ओर से निकाली गई। हम विभाग के माध्यम से कंपनी और युवाओं के बीच प्लेटफार्म उपलब्ध कराने का काम करते हैं। -सोमेश मिश्रा, संचालक, कौशल विकास

संबंधित खबरें...

Back to top button