प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 85वें और साल 2022 के पहले मन की बात कार्यक्रम को संबोधित किया। PM मोदी ने कहा- आज बापू की शिक्षा को याद करने का दिन है। पीएम ने कहा कि भ्रष्टाचार एक ऐसी चीज हो जो किसी भी देश को खोखला कर सकता है। पीएम ने भारत के भविष्य को लेकर युवाओं के सपनों का भी जिक्र किया। साथ ही डिंडौरी के पद्म पुरस्कार विजेता अर्जुन सिंह और पेंच टाइगर रिजर्व की कॉलर वाली बाघिन का भी जिक्र किया।
8 दिन चलेगा गणतंत्र दिवस समारोह
PM ने कहा कि कुछ दिन पहले ही हमने गणतंत्र दिवस भी मनाया। दिल्ली में राजपथ पर हमने देश के शौर्य और सामर्थ्य की जो झांकी देखी, उसने सबको गर्व और उत्साह से भर दिया है। अब गणतंत्र का समारोह 8 दिन तक 23 जनवरी यानी नेताजी की जयंती से शुरू होगा और 30 जनवरी यानी गांधीजी की पुण्यतिथि तक चलेगा।
नेशनल वॉर मेमोरियल जाने की अपील
हमने देखा कि इंडिया गेट के समीप अमर जवान ज्योति और पास में नेशनल वॉर मेमोरियल की ज्योति को एक किया गया। इस भावुक अवसर पर कितने ही देशवासियों और शहीद परिवारों की आंखों में आंसू थे। सच में अमर जवान ज्योति की ही तरह हमारे शहीद उनकी प्रेरणा और उनके योगदान भी अमर हैं। जब भी अवसर मिले तो अपने परिवार और बच्चों को नेशनल वॉर मेमोरियल जरूर ले जाएं। आपको अलग ऊर्जा और प्रेरणा का अहसास होगा।
ये भी पढ़ें- महात्मा गांधी की 74वीं पुण्यतिथि आज: पीएम मोदी ने राजघाट पर दी श्रद्धांजलि, जानिए बापू कैसे बने देश के राष्ट्रपिता
बाल पुरस्कार और पद्म अवॉर्ड विजेताओं को सराहा
बच्चों को उनके साहसिक कार्य के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार भी दिए गए। इनके बारे में हमें बच्चों को जरूर बताना चाहिए। देश में अभी पद्म सम्मान की भी घोषणा हुई है। पद्म पुरस्कार पाने वाले में कई ऐसे नाम भी हैं जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। ये हमारे देश के unsung heroes हैं, जिन्होंने साधारण परिस्थितियों में असाधारण काम किए हैं।
एक करोड़ बच्चों ने बताई मन की बात!
PM ने कहा कि मुझे एक करोड़ से ज्यादा बच्चों ने अपने मन की बात लिखकर भेजी है। ये देश-विदेश से आए हैं। मैं कहता हूं कि हमारी बेटियां जो सपने देखती हैं, वे पूरे होते ही हैं। आपकी युवा पीढ़ी लक्ष्य बनाकर काम करेगी, तो भारत वैसा ही होगा, जैसा चाहती हैं।
कॉलर वाली बाघिन का अंतिम संस्कार
पीएम ने कहा प्रकृति से प्रेम और हर जीवन के लिए करुणा हमारी संस्कृति भी है और सहज स्वभाव भी। हमारे इन्हीं संस्कारों की झलक अभी हाल ही में तब दिखी जब मध्य प्रदेश के पेंच टाइगर रिजर्व में एक बाघिन ने दुनिया को अलविदा कह दिया। इस बाघिन को लोग कॉलर वाली बाघिन कहते थे। इस बाघिन ने 29 शावकों को जन्म दिया और 25 को पाल-पोसकर बड़ा किया। भारतीय हर चेतन जीव से संबंध बना लेता है।
ये भी पढ़ें- ‘कॉलर वाली बाघिन’ का निधन, 29 शावकों को दिया था जन्म; CM शिवराज ने जताया दुख
बाघिन ने सबसे ज्यादा बच्चे देने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है, उसके नाम पर एक साथ पांच बच्चों को जन्म देने का भी रिकार्ड दर्ज है। पेंच टाइगर रिजर्व में ‘कॉलर वाली बाघिन’ को 11 मार्च 2008 को बेहोश कर देहरादून के विशेषज्ञों ने रेडियो कॉलर पहनाया था। इसके बाद से पर्यटकों के बीच वे कॉलर वाली के नाम से प्रसिद्ध हो गई।
राष्ट्रपति के ‘विराट’ घोड़े का किया जिक्र
गणतंत्र दिवस की परेड में प्रेसिडेंट बॉडीगार्ड के घोड़े विराट ने अपनी आखिरी परेड में हिस्सा लिया। 2003 में ये घोड़ा राष्ट्रपति भवन आया था। हर बार परेड को लीड करता था। इस वर्ष आर्मी दिवस पर सेना प्रमुख ने विराट को सम्मान दिया। उसकी विराट सेवाओं को देखते हुए भव्य तरीके से उसे विदाई दी गई।
कोरोना से लड़ रहा देश
पीएम ने कहा कि कोरोना की नई वेव से देश सफलता पूर्वक लड़ रहा है। अब कोरोना के मामले भी कम होने लगे हैं। लोग सुरक्षित रहें, देश की आर्थिक गतिविधियों की रफ्तार बनी रहे। उन्होंने कहा कि 20 दिन के भीतर ही एक करोड़ लोगों ने एहतियाती डोज भी ले ली है। अपने देश की वैक्सीन पर देशवासियों का ये भरोसा हमारी बहुत बड़ी ताकत है।
ये भी पढ़ें- Corona Update : देश में बीते 24 घंटों में 2.34 लाख नए केस दर्ज, 893 लोगों की मौत; पॉजिटिविटी रेट 14.50%