
जेल में बंद आसाराम के गोंडा स्थित आश्रम में एक नाबालिग का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। नाबालिग 4 दिन पहले लापता हुई थी, जिसके बाद उसका शव आश्रम के अंदर खड़ी एक ऑल्टो कार में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
4 दिनों से गायब थी लड़की
बताया जा रहा है कि यह नाबालिग लड़की अपने घर से 4 दिन पहले गायब हो गई थी, जिसका शव आसाराम बापू के आश्रम में कई दिनों से खड़ी कार से मिला है। जानकारी के मुताबिक, कार के अंदर से बदबू आने पर आश्रम के कर्मचारी ने गाड़ी खोलकर देखी तो डिग्गी के अंदर से शव मिला, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
‘जिन लोगों ने पति को लापता किया, उन्हीं ने बच्ची को मारा है’
मृतका की मां ने बताया कि 3 साल पहले उनके पति घर से लापता हो गए थे, जिनका आज तक पता नहीं चला। 4 दिन पहले उनकी 14 साल की बेटी को भी गायब कर दिया गया और आज उसका शव मिला। उन्होंने बताया कि काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला था। पुलिस को भी मामले की सूचना दी थी।
मृतका की मां का कहना है कि, जिन लोगों ने मेरे पति को लापता किया है, उन्हीं लोगों ने मेरी बच्ची की हत्या की है। बच्ची की मां ने कुछ नामजद लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस उसके आधार पर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने कार और आश्रम को किया सील
मौके पर पहुंची पुलिस ने कार के अलावा पूरे आश्रम को सील कर दिया है। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या कर शव को छिपाए जाने का मामला लग रहा है। घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के बिमौर गांव में स्थित आसाराम बापू के आश्रम की है, जहां यह कार बीते कई दिनों से खड़ी थी।

बाप-बेटे पर लगा था रेप का आरोप
आसाराम और उसके बेटे नारायण साईं पर सूरत की रहने वाली दो बहनों ने बलात्कार का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस मामले में आसाराम के खिलाफ चार्जशीट भी फाइल कर दी थी। हालांकि इस मामले में ट्रायल पिछले लम्बे वक्त से नहीं हो रहा था।
आसाराम को एक अदालत ने 2013 में अपने आश्रम की नाबालिग लड़की से बलात्कार का दोषी पाया था। लड़की का आरोप था कि आसाराम ने उसे जोधपुर के पास मणाई इलाके में अपने आश्रम में बुलाया था और 15 अगस्त 2013 की रात उसके साथ बलात्कार किया। 2013 से ही जोधपुर सेंट्रल जेल में बंद है। उसे 2018 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। वहीं आसाराम के बेटे नारायण साईं फिलहाल सूरत की लाजपुर जेल में बंद है।
ये भी पढ़ें- आंध्र प्रदेश में बड़ा सियासी फेरबदल, 24 मंत्रियों ने CM जगन मोहन को इस्तीफा सौंपा